गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Airlift, Akshay Kumar, Box Office, Nimrat Kaur, Kya Kool Hain Hum 3
Written By

BOX OFFICE : क्या होगा अक्षय कुमार की 'एअरलिफ्ट' का?

BOX OFFICE : क्या होगा अक्षय कुमार की 'एअरलिफ्ट' का? - Airlift, Akshay Kumar, Box Office, Nimrat Kaur, Kya Kool Hain Hum 3
पिछले कुछ वर्षों से गणतंत्र दिवस वाले सप्ताह में अक्षय कुमार की फिल्में रिलीज हो रही हैं। इस बार 'एअरलिफ्ट' देखने को मिलेगी। अक्षय अब अलग-अलग किस्म की फिल्में कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही है। पिछले वर्ष उनकी रिलीज हुई चार फिल्मों में से मात्र एक ही औसत रही। अन्य तीन फिल्में असफल रहीं। इनसे सबक सीखते हुए 'एअरलिफ्ट' में अक्षय कुमार ने अपनी फीस कम रखी है और मुनाफे में हिस्सेदार हो गए हैं ताकि फिल्म अपनी लागत आसानी से वसूल कर ले। 
 
प्रचार और प्रिंट्स सहित फिल्म की कुल लागत 65 करोड़ रुपये के आसपास है। विभिन्न राइट्स की कीमत निकाल दी जाए तो इस फिल्म को मुनाफे में आने के लिए भारतीय सिनेमाघरों से 80 करोड़ रुपये का व्यवसाय करना होगा। अक्षय की पिछली कुछ फिल्में इस आंकड़े के आसपास पहुंची हैं, लिहाजा उम्मीद है कि 'एअरलिफ्ट' फायदे का सौदा साबित हो सकती है, हालांकि राह थोड़ी मुश्किल है। 
क्या कूल हैं हम 3 से टक्कर 
'एअरलिफ्ट' सोलो रिलीज नहीं है। इसके सामने 'क्या कूल हैं हम 3' नामक एडल्ट मूवी रिलीज हो रही है जिसके ट्रेलर्स को युवाओं ने काफी पसंद किया है, लिहाजा यह फिल्म 'एअरलिफ्ट' के सामने चुनौती बन सकती है। संभव है कि वीकेंड पर यह फिल्म बिजनेस के मामले में 'एअरलिफ्ट' से आगे निकल जाए। 
 
कमजोर नाम 
फिल्म की थीम मल्टीप्लेक्स ऑडियंस को ज्यादा लुभाने का दम रखती है। फिल्म का टाइटल कठिन है और आम दर्शक के लिए यह अंग्रेजी का शीर्षक पल्ले नहीं पड़ेगा। इससे भी फिल्म को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ' बेबी' में यही हुआ था। फिल्म के प्रोमो रूखे लग रहे हैं और दर्शकों में वैसी दिलचस्पी नहीं जगा पा रहे हैं।
 
नामी हीरोइन का अभाव
फिल्म में निमरत कौर हीरोइन हैं। वे अच्छी अभिनेत्री हैं, लेकिन स्टार वैल्यू के मामले में पीछे हैं। अक्षय की फिल्मों में लगातार नामी हीरोइन नदारद रह रही हैं और इसका खामियाजा भी फिल्म भुगत रही है। जरूरी है कि चर्चित चेहरा लिया जाए। 
 
गणतंत्र दिवस की छुट्टी का बड़ा लाभ फिल्म को मिलेगा। कम बजट भी फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर अवसर बढ़ाता है। कुल मिलाकर 'एअरलिफ्ट' लागत वसूल सकती है, भले ही बड़ी हिट न हो।