गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
  4. Gupta Gate
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 23 जनवरी 2015 (15:32 IST)

जैकब जूमा के गले पड़ा 'गुप्तागेट'

जैकब जूमा के गले पड़ा 'गुप्तागेट' - Gupta Gate
एंड्र्यू हार्डिंग, अफ्रीका संवाददाता
एक प्रभावशाली भारतीय मूल के कारोबारी की बेटी की शादी में वायु सेना के बेस पर बारातियों के जेट को उतारा जाना दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति के लिए गले की फांस बन गया है।
 
जिन दो वायु सेना अफसरों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया गया था, उन्होंने अब राष्ट्रपति जैकब जूमा को सिविल कोर्ट में घसीटने की बात कही है।
 
दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जूमा पर भारतीय मूल के कारोबारी गुप्ता परिवार के असर में काम करने के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि जूमा इससे इनकार करते रहे हैं।
 
दो साल पहले प्रिटोरिया में स्थित दक्षिण अफ्रीकी मिलिट्री एयरफोर्स बेस पर एक विमान उतरा था।
यह एक निजी जेट विमान था जो दक्षिण अफ्रीकी की राजधानी के सम्पन्न इलाके सन सिटी में एक विवाह समारोह के लिए भारतीय मेहमानों को लेकर आया था।
 
सन सिटी राजधानी के उत्तर-पश्चिम में स्थित कैसिनो रिज़ॉर्ट है और यह शादी थी देश में प्रभावशाली भारतीय मूल के कारोबारी घराने की एक लड़की की। सेना के अधिकारियों ने मेहमानों का वीआईपी अतिथियों जैसा स्वागत किया था। लेकिन विमान की यह लैंडिंग अनौपचारिक और गैरकानूनी थी और एक अति सुरक्षित सैन्य स्थल का दुरुपयोग था। घटना के प्रकाश में आते ही यह एक राजनीतिक स्कैंडल का रूप ले लिया।
 
जूमा का नाम : इस पूरे कांड में राष्ट्रपति जैकब जूमा का नाम आया और कहा गया कि 'नंबर वन' ने व्यक्तिगत रूप से अपने मित्रों के लिए यह व्यवस्था की थी। माना जाता है कि 'नंबर वन' का नाम जैकब जूमा के संदर्भ में लिया गया था। हालांकि उन्होंने संसद में इन आरोपों से इनकार किया।
 
एक संसदीय समिति की जांच में राष्ट्रपति जूमा को क्लीन चिट मिल गई लेकिन राष्ट्रपति के चीफ़ ऑफ प्रोटोकॉल और दो वायु सेना अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
 
इस पहेली में नया मोड़ तब आया जब वायु सेना के दोनों अधिकारियों के खिलाफ आरोप वापस ले लिए गए। वहीं चीफ ऑफ प्रोटोकॉल को नीदरलैंड्स में दक्षिण अफ्रीका का राजदूत नियुक्त कर दिया गया।
 
चीफ ऑफ प्रोटोकॉल ने अपने पहले बयान में 'नंबर वन' का नाम लिया था, लेकिन बाद में वो अपने बयान से पलट गए थे।
 
अगले पन्ने पर... क्या है गुप्ता परिवार और राष्ट्रपति में संबंध...

गुप्ता परिवार और राष्ट्रपति : इस मामले को एक और मोड़ देते हुए वायु सेना के दोनों अधिकारियों ने कहा है कि वे मामले को सिविल कोर्ट में ले जाने की योजना बना रहे हैं। संभव है कि राष्ट्रपति जैकब जूमा को कोर्ट में साक्ष्य पेश करने के लिए कहा जा सकता है।
 
इस कांड को दक्षिण अफ़्रीका में 'गुप्तागेट' कहा गया है। भारत के गुप्ता परिवार का दक्षिण अफ्रीका में बहुत बड़ा कारोबार है। इस परिवार पर राष्ट्रपति जूमा पर अत्यधिक प्रभाव रखने के आरोप लगते रहे हैं। जूमा के दो बच्चे गुप्ता परिवार की कंपनियों में नौकरी करते हैं।
 
असल में गुप्ता बंधुओं- अतुल, अजय और राजेश की 23 वर्षीय भतीजी वेगा गुप्ता की शादी में मेहमानों और रिश्तेदारों को निजी जेट से दक्षिणी अफ्रीका लाया गया था।
 
हालांकि इस घटना के बाद से ही गुप्ता परिवार कहता रहा है कि जेट उतरने के लिए सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया गया था और उपयुक्त अधिकारियों से इजाजत ली गई थी।
 
एनकांडला मामला : दक्षिण अफ्रीका के करप्शन वॉच संस्था के डेविड लुईस कहते हैं, 'यह दुखद है। इन लोगों को बलि का बकरा बनाया गया।'
 
लुईस का इशारा उन तीन अधिकारियों- तत्कालीन चीफ ऑफ प्रोटोकॉल ब्रूस कोलोनी, लेफ्टिनेंट कर्नल क्रिस्टीन एंडर्सन और उनकी सहकर्मी लेफ्टिनेंट कर्नल स्टीफ़ेन वान जाईल- के बारे में था, जिन पर आरोप लगाए गए थे।
 
वो कहते हैं, 'इनमें से ब्रूस कोलोनी ने यह घाव हॉलैंड में राजदूत बनने के बदले खाया था और मैं शर्त लगा सकता हूं कि एनकांडला कांड में शामिल अधिकारियों के साथ भी यही होना है।
 
एनकांडला में राष्ट्रपति ज़ुमा के ग्रामीण घर को सरकारी ख़र्च पर आलिशान तरीके से सजाया-संवारा गया था।
 
आर्थिक हितों का चक्कर : राजनीतिक विश्लेषक सीबिसी एंडलेत्याना के अनुसार, 'राष्ट्रपति ज़ूमा कुछ विशेष आर्थिक हितों के चक्कर में फंस कर कुछ व्यक्तियों का हित साध रहे हैं।'
 
सीबिसी के मुताबिक, 'यहां सत्ता गुप्ता घराने के हाथ में है। यहां एक ऐसा राष्ट्रपति है जो एक खास गुट के लिए कृतज्ञ है।'
 
इस समय वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का देवास में सम्मलेन हो रहा है। यहां मौजूद राष्ट्रपति जूमा के प्रवक्ता मैक महाराज ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'इसमें कुछ नया नहीं है।' हालांकि वायु सेना के अधिकारियों की योजना पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।