मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
  4. dress_that_shocked_arab_world
Written By
Last Modified: शनिवार, 22 नवंबर 2014 (15:00 IST)

पोशाक जिसने अरब दुनिया को चौंका दिया

पोशाक जिसने अरब दुनिया को चौंका दिया - dress_that_shocked_arab_world
लेबनान की एक पॉप स्टार की पोशाक ने अरब देशों के सोशल मीडिया में बहस छेड़ दी है। मिस्र, जॉर्डन और सऊदी अरब की कई महिलाओं ने हैफा की पोशाक की तीखी आलोचना की है। पिछले हफ्ते गायिका हैफा वेहबे ने अरब स्टार एकेडमी म्यूजिक शो पर प्रस्तुति दी थी।

समूचे अरब देशों में प्रसारित किए जाने वाले इस शो में हैफा ने कुछ हद तक पारदर्शी लिबास पहना था। बीस लाख से ज्यादा लोगों ने हैफा की इस प्रस्तुति को ऑनलाइन भी देखा है।

लेकिन वीडियो पर की गई टिप्पणियां बताती हैं कि अरब देशों में महिलाओं के कपड़ों को लेकर बहस का किस हद तक ध्रुवीकरण हो गया है।

'कला की भी सीमाएं हैं' : कई महिलाएं ने इसे उत्तेजक और शर्मनाक करार दिया है। यू-ट्यूब पर एक टिप्पणी में लिखा गया, 'कला की भी सीमाएं हैं और हैफा तुमने उन्हें लांघ दिया है।'

अरब देशों में महिलाएं क्या पहन सकती हैं और क्या नहीं पहन सकती हैं इसको लेकर अलग-अलग देशों में अलग-अलग विचार हैं। लेबनान में मिनी स्कर्ट और बिकनी पहनना असमान्य बात नहीं है, लेकिन सऊदी अरब की महिलाएं ख़ुद को सिर से पैरों तक ढका रखती हैं।

लेकिन ऐसे समुदायों में भी जब महिलाओं सिर्फ महिलाओं के बीच ही होती हैं तो वे भी सिने सितारों की तरह ही पोशाक़ पहनती हैं।

कुछ ने किया हैफा का बचाव : हैफा के कपड़ों को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। मिस्र की एक महिला ने ट्विटर पर लिखा, 'यह सच है कि हम उनके शर्मनाक पहनावों को देखने के आदि हो गए हैं, लेकिन इस हद तक नहीं। यह दर्शकों के लिए आघात है।'

कुछ ने हैफा का बचाव भी किया। एक महिला ने लिखा, 'आपको ही उन्हें ऐसी पोशाक में देखने की आदत डाल लेनी चाहिए। सबको अपना पहनावा चुनने की आजादी है।'

एक अन्य महिला ने ट्वीट किया, 'उत्तेजक लिबास पहनने वाली वे पहली या आखिरी महिला नहीं हैं, वे इसमें बहुत खूबसूरत लग रहीं थीं।'

लेबनानी लाइफस्टाइल ब्लॉगर दाना खैरल्लाह कहती हैं कि लोगों ने इस पर विवाद किया क्योंकि अरब संस्कृति में इन दिनों अंदरुनी घमासान चल रहा है।

वे कहती हैं, 'लोगों को लगता है कि यदि महिलाएं ऐसी पोशाक पहनेंगी तो इससे संस्कृति का गलत प्रतिनिधित्व होगा लेकिन मुझे ये पाखंड ज्यादा लगता है क्योंकि क्लबों में अरब लड़कियां इससे भी उत्तेजक कपड़े पहनती हैं। उन पर कोई गौर नहीं करता क्योंकि वहां कैमरा नहीं होता है।'

चैनल ने माफी मांगी : एक टिप्पणी में कहा गया, 'इस तरह की महिलाओं को इस्लामिक स्टेट भेजे जाने की जरूरत है।' शो को प्रसारित करने वाले मिस्र के चैनल सीबीसी ने इसके लिए माफी मांग ली है।

हैफा ने भी मंच की रोशनी को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए कहा कि उनके कपड़े इतने उत्तेजक नहीं थे। उन्होंने कहा, 'मैं ये जानकर चकित हूं कि तेज रोशनी में यह पोशाक बिलकुल अलग नजर आ रही थी।'