शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
  4. disaster_management
Written By
Last Updated : शनिवार, 31 जनवरी 2015 (12:03 IST)

ये आर्टिकल आपकी जान बचा सकता है

ये आर्टिकल आपकी जान बचा सकता है - disaster_management
माइकल बॉन्ड 'द पॉवर ऑफ अदर्स' के लेखक

आपदा के समय ज्यादा लोग वो अहम काम करने में असफल रहते हैं जो उनकी जान बचा सकता है। लेकिन ऐसा क्यों होता है? इसका जवाब खोजते समय 27 सितंबर 1994 की उस घटना पर ध्यान देना चाहिए जिसमें 852 लोग समुद्र में डूब गए थे।


उस दिन सुबह सात बजे समुद्री जहाज एमएस एस्टोनिया 989 मुसाफिरों को लेकर तालिन बंदरगाह से रवाना हुआ। उसे बाल्टिक सागर पार कर स्टॉकहोम जाना था। पर जहाज कभी वहां नहीं पंहुचा। बंदरगाह छोड़ने के छह घंटे बाद जहाज जबरदस्त तूफान में फंस गया, इसके सामने का दरवाजा टूट गया और पानी तेजी से अंदर घुसने लगा।

घंटे भर में जहाज डूब गया और इसके साथ ही डूब गए 852 यात्री और जहाज का चालक दल।

क्यों डूबे 852 लोग? : त्रासदी घटने की गति, समुद्री तूफान, जहाज डूबने के आधे घंटे बाद आपात स्थिति की घोषणा और बचाव दल का प्रभावित लोगों तक पंहुचने का समय...इन सभी बातों को देखते हुए भी राहत विशेषज्ञ इतने अधिक लोगों के मरने से दंग रह गए। ऐसा लगता है कि कई लोग सिर्फ इसलिए डूब गए कि उन्होंने बचने की कोई कोशिश ही नहीं की।

एक अधिकारिक रिपोर्ट में कहा गया, 'ऐसा लगता है कि भयभीत होने के कारण कई लोग सोचने-समझने या जरूरी कार्रवाई करने की क्षमता ही खो बैठे।' कई लोग तो इतने डर गए कि उन्हें जबरन भी बाहर नहीं निकाला जा सका। कई लोग इस कदर सदमे में थे कि दूसरे मुसाफिरों ने जब उन्हें रास्ता दिखाना चाहा तो वे हिल ही नहीं पाए, कोई कार्रवाई कर ही नहीं पाए, तब भी नहीं जब उन पर चीखा-चिल्लाया गया।'
 
आखिर हुआ क्या था? : एक व्यक्ति जो इसका जवाब दे सकते हैं, वो हैं जॉन लीच। वे पोर्ट्समाउथ विश्वविद्यालय में विकट स्थितियों में लोगों के व्यवहार पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने दुनिया भर में कई दशकों में हुई दर्जन भर त्रासदियों का अध्ययन किया है। वे ऐसी ही एक दुर्घटना 1987 में 18 नवंबर को लंदन के किंग्ज क्रॉस मेट्रो स्टेशन पर आग लगने के समय मौजूद थे।

इस आग में 31 लोग मारे गए थे। लीच ने पाया कि जानलेवा स्थितियों में लगभग 75 फीसदी लोग न तो ठीक से सोच पाते हैं और न ही जान बचाने का कोई उपाय ढूंढते हैं। सिर्फ 15 प्रतिशत लोग इतने शांत रहते हैं कि वे ठीक से सोच सकें ताकि बचने का उपाय खोजा जा सके। दस फीसदी लोग तो ऐसे संकट में बौखला कर इतने खतरनाक हो जाते हैं कि वे अन्य लोगों के बच निकलने की संभावना कम कर देते हैं।किसकी जान बचती है?

आखिर उन 15 प्रतिशत लोगों में क्या खूबी होती है जो जानलेवा संकट के समय ठीक से सोच समझ पाते हैं और जरूरी कार्रवाई करते हुए बच नकलते हैं। लीच कहते हैं कि यह सवाल ही ग़लत है। प्रश्न तो यह उठता है कि जो लोग बच सकते थे वे क्यों मारे जातें है जबकि उनके बचने के तमाम उपाय मौजूद रहते हैं।

सवाल यह भी है कि इतने सारे लोग संकट के समय बदलती स्थिति के मुताबिक अपने को क्यों नहीं ढाल पाते और हार क्यों मान लेते हैं?

लीच कहते हैं, 'जान बचाने के लिए ऐसा नहीं कि किसी खास हुनर की जरूरत हो। आपको पता सिर्फ़ ये होना चाहिए करना क्या है?

वे कहते हैं, 'लड़ाई के दौरान बचने के उपाय बताने वाले विशेषज्ञ के रूप में मेरा काम लोगों को ये सिखाना है कि मौत से कैसे बचना है।'

आपात स्थिति में हरकत में देरी : आपात स्थिति में लोग दरअसल क्या करते हैं, ये साफ नहीं है? बचाव के लिए प्रोसीजर बनाते समय इंजीनियर यह मान कर चलते हैं कि लोग तत्काल हरकत में आते हैं। वे मानते हैं कि अलार्म सुन कर या धुंए कों सूंघ कर या नाव के डोलने के बाद लोग तुरंत प्रतिक्रिया करेंगे।

असलियत यह है कि कई दशकों में हुई घटनाओं में देखा गया है कि असली चुनौती ही लोगों को जल्द बरकत में लाने की है। 22 अगस्त 1985 को कोर्फू जाने वाला बोईंग 737 जहाज मैनचेस्टर हवाई अड्डे पर उड़ान भरने ही वाला था कि इसका इंजन खराब हो गया।

ब्रिटिश सरकार की हवाई दुर्घटना जांच शाखा ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 'सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जहाज ने उड़ान भरी भी नहीं थी कि उसे रोक दिया गया और उसमें लगी आग को बुझाने की पूरी कोशिश की गई। फिर भी 55 लोगों की मौत हो गई। बड़ा सवाल तो यह है कि मुसाफ़िर आखिर क्यों जल्दी जल्दी बाहर नहीं निकल पाए।'

लोगों को असली खतरा बाहर निकलने के लिए पागलपन दिखाने या जानवरों की तरह भगदड़ करने से नहीं, बल्कि उनकी जल्दबाजी करने की अनिच्छा में था।
9/11- कई ईमेल भेजते रहे : लोगों की निष्क्रियता का सबसे सटीक उदाहरण न्यूयॉर्क के ट्विन टावर पर 9/11 को हुए हमले के दौरान देखा गया। आप सोच रहे होंगे कि जो लोग पहले विमान के इमारत से टकराने के बाद बच गए होंगे वे जल्द से जल्द निकटतम एक्जिट की ओर भागे होंगे।

सच्चाई ये है कि अधिकतर लोगों ने इसके उलट किया, मानो, वे इमारत से बाहर नहीं निकलने के बहाने ढूंढ रहे हों। अमेरिका के नेश्नल इंस्टीच्यूट ऑफ स्टैंडर्ड्स एंड टेक्नोलॉजी के मुताबिक बच कर बाहर निकले लोगों ने सीढ़ी तक पहुंचने के लिए औसतन छह मिनट लगाए।

कुछ लोग तो आधे घंटे तक इसी उधेड़बुन में रहे कि क्या किया जाए। वे यही सोचते रहे कि देखें आगे क्या होता है और दूसरों के पहले निकलने का इंतजार करते रहे।

अध्ययन में पाया गया कि बच निकलने वाले लोग फोन करते रहे, दराजों में चीजें रखते रहे या अपने दफ्तर को ताला लगाते रहे। कई लोगों ने तो ईमेल किया, कंप्यूटर बंद किया, जूते बदले। कई लोग तो टॉयलेट भी गए। साईकिल से दफ्तर आने वाली एक महिला ने तो यहां तक किया कि वो वापस दफ्तर में गई और बाहर निकलने से पहले उसने अपने ऑफिस जाकर ट्रैकसूट पहना।

इस तरह की निष्क्रियता, ढीलापन या संकट के समय भी सामान्य तौर पर काम करते रहना के व्यवहार की मनोवैज्ञानिक व्याख्या है- तेजी से बदलती स्थित में खुद को ढ़ाल पाने में असफल रहना या जान बचाने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर उस तरह से बर्ताव करने की असमर्थता।

मनोवैज्ञानिक जॉन लीच के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि घटनाक्रम इतनी तेजी से होते हैं कि आप दिमाग उनसे निपट नहीं पाता। उपाय सोचने की क्षमता से कहीं अधिक तेजी से घटनाएं घटती हैं।

ज्यादा तैयार लोग बचते हैं : इंडियाना विश्वविद्यालय के जेरम चर्टकॉफ कहते हैं, 'जान खतरे में पड़ जाए तो भावनाएं तेजी से उठती हैं, नतीजतन, बचने के जितने उपाय सूझने चाहिए, उतने सूझते नहीं हैं। क्या किया जाए, यह सोचने के मामले में यह खतरनाक हो सकता है, क्योंकि हो सकता है कि आप बचने के सबसे सही उपाय के बारे में सोच ही नहीं पाएं।'

जॉन लीच कहते हैं, 'मैं जब कभी समुद्री जहाज से जाता हूं, सबसे पहले दखता हूं कि लाइफ बोट कहां रखे हुए हैं। जरूरत पड़ने पर मुझे केवल हरकत में आना होगा, इस बारे में सोचना नहीं होगा।'

जानलेवा संकट की स्थिति में जो लोग अपनी जान बचा पाते हैं वो जरूरी नहीं कि और लोगों से ज्यादा बहादुर या साहसी होते हैं। वो इसलिए अपनी जान बचा पाते हैं क्योंकि वे इसके लिए बेहतर तैयार होते हैं...

आपसी मदद की मानसिकता : एक दूसरा उदाहरण लें। 7 जुलाई 2005 को लंदन अंडरग्रांउड ट्रेन पर हुए हमले में 52 लोग मारे गए थे और 700 जख्मी हुए थे। ससेक्स विश्वविद्यालय के जॉन ड्ररी औ सेंट एंड्र्यूज़ विशविद्यालय के स्टीव रीखर ने वारदात में बचे लोगों से बात करने के बाद एक रिपोर्ट दी थी।

उनके मुताबिक, कई घंटे तक धुंए भरी सुरंग में फंसे लोगों को नहीं पता था कि उन्हें बचाने कोई आएगा या नहीं। उन्हें यह भी पता नहीं था कि कहीं कोई और विस्फोट तो नहीं होंगे।

पर इस अफरातफरी के बीच ज्यादातर लोगों का रवैया सहयोग और मदद करने का था। मनोवैज्ञानिकों ने इसकी व्याख्या इस रूप में की है कि खतरे के समय लोगों की मानसिकता एक दूसरे की मदद करने की है।

सभी की प्रतिक्रिया एक-सी नहीं : ब्रिटिश-आइरिश अटलांटिक ओडैसी के नौकायन दल ने 2012 के जनवरी में पूर्व से पश्चिम जाते हुए पूरे महासागर को 30 दिनों में पार करने की योजना बनाई थी। 28 दिनों बाद जब वे अपने गंतव्य स्थान बारबडोस से तकरीबन 800 किलोमीटर दूर थे, एक लहर के झटके से नौका पलट गई और डूबने लगा।

नौकायन दल के साथ सवार ब्रॉडकास्टर मार्क बॉमंट के मुताबिक वो सभी डूब जाते यदि दल के कई सदस्यों ने गोते लगा कर जीवनरक्षक तख्ती, इमरजेंसी लाइट, सैटेलाइट फोन, जीपीएस ट्रैकर, खाने पीने का सामान न निकाला होता। मार्क बॉमंट के अनुसार दल के दो लोगों को काफी बड़ा झटका लगा और उनमें से एक तो बिल्कुल चुप हो गया और उसके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकला।

खुद से एक सवाल पूछें : संभव है कि आप किसी जानलेवा मुसीबत में पड़ेंगे ही नहीं। पर बेहतर है कि आप यह कल्पना करें कि आप पर संकट आ सकता है। ऐसे में बिना बौखलाए आप पहले से ही तैयार हो सकते हैं।

मनोवैज्ञानक जॉन लीच का कहना है, 'आपको करना सिर्फ इतना है कि अपने आप से एक आसान सवाल पूछें - 'यदि कुछ हो ही जाए तो मेरी पहली प्रतिक्रिया क्या होगी?' यदि आपके पास इस सवाल का जवाब है तो बाकी सब अपने आप ठीक हो जाएगा।'