शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. आलेख
  4. Sun in Taurus

सूर्य का वृषभ में गोचर, जानिए क्या होगा आपकी राशि पर प्रभाव...

सूर्य का वृषभ में गोचर, जानिए क्या होगा आपकी राशि पर प्रभाव... - Sun in Taurus
* सूर्य हुए वृषभ में गोचर, जानें क्या होगा 12 राशियों पर असर... 
 
सूर्य ग्रह 14 मई 2017 को रात्रि 23:11 मिनट पर वृषभ राशि में गोचर कर चुके हैं तथा 15 जून 2017 तक वृषभ राशि में ही विराजमान रहेंगे। सूर्य के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर कुछ न कुछ प्रभाव पड़ना निश्चित है। आइए जानते हैं कि आपकी राशि पर क्या होगा इसका असर... 
 
मेष राशि के जातकों की राशि से सूर्य दूसरे भाव में गोचर करेगा। इस समय अपनी वाणी में मधुरता लाना आवश्यक है, अन्यथा विवाद उत्पन्न हो सकता है। कटु वाणी से कोई अपमानित हो सकता है, जो घर में अथवा बाहर विवाद का कारण बन सकता है। विद्यार्थियों के लिए यह गोचर उत्तम रहने वाला है। विवाहित जातकों को अपने जीवन साथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। वैसे सूर्य की कृपा दृष्टि बनी रहेगी व किसी भी अप्रिय स्थिति में परिस्थितियां अनुकूल होंगी। 
 
उपाय : सूर्य को प्रसन्न करने के लिए तांबे का आभूषण पहनें।
 
वृषभ राशि के जातकों की राशि में ही सूर्य गोचर करेगा। सूर्य के इस संचरण का सबसे अधिक प्रभाव जातक के व्यवहार पर होगा, इससे व्यवहार में आक्रामकता एवं अहंकार आ सकता है। विवाहित जातकों में विवाद संभव है। कार्य क्षेत्र में जीवन साथी की आय में वृद्धि होने की संभावना दिखाई दे रही है। किसी भी कार्य के दौरान सहज भाव रखें तो लाभ होगा। 
 
उपाय : धन प्राप्ति के लिए मां लक्ष्मी की शुक्रवार को पूजा करने से लाभ होगा। 
 
मिथुन राशि में सूर्य ग्रह पितृ कारक है जो राशि से बाहरवें भाव में संचरण करेगा, यह अत्यंत शुभ है व विदेश यात्रा के योग हैं। परंतु स्वास्थ्य की दृष्टि से यह गोचर शुभ संकेत नहीं दे रहा है, अपनी व जीवन साथी की सेहत का ध्यान रखें। शत्रुओं पर हावी रह सकते हैं। व्यय कुछ अधिक होगा, कोर्ट-कचहरी के मामलों में फैसला हक में आ सकता है। भाई-बहन को सही मार्गदर्शन देंगे। 
 
उपाय : जरूरतमंदों की सहायता करें, लाभ होगा। 
कर्क राशि के जातकों की राशि में सूर्य ग्रह ग्यारहवें भाव में गोचर करेगा। इसके प्रभाव से बड़े आर्थिक लाभ की संभावना बन रही है। परंतु इसका  नकारात्मक प्रभाव संतान की सेहत पर भी हो सकता है। प्रेमियों में तनाव हो सकता है। किसी बात को लेकर अहंकार प्रेम संबंध के बीच में आ सकता है। इस समय स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के योग प्रबल हैं। 
 
उपाय : सफलता के लिए भगवान शिव की आराधना करें।
 
सिंह राशि के जातकों की राशि में सूर्य दसवें भाव में गोचर करेगा। इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा व कार्य क्षेत्र में साहसिक फैसले लेंगे, जिससे व्यवसाय एवं निजी जीवन में उन्नति होने की संभावना है। वरिष्ठजनों का अनुभव काम आएगा। परंतु माता-पिता की सेहत खराब हो सकती है, इसलिए उनके स्वास्थ्य पर ध्यान दें। 
 
उपाय : नित्य पूजन-पाठ करने से लाभ होगा। 
कन्या राशि के जातकों की राशि में सूर्य नौवें भाव में गोचर करेगा। इसके प्रभाव से पिता की सेहत में गिरावट हो सकती है अथवा परिजनों से आपसी  संबंध प्रभावित हो सकते हैं। व्यापारिक लाभ होगा, विदेश से धन लाभ के योग हैं। विदेश यात्रा के भी योग हैं। कार्य क्षेत्र में उत्साह बना रहेगा। किसी  भी महिला का अनादर न करें अन्यथा हानि होगी। 
 
उपाय : ग्रहों के कुप्रभाव से बचने के लिए गौमाता की सेवा करें व हरा चारा खिलाएं। 
 
 


तुला राशि के जातकों की राशि में सूर्य आठवें भाव में गोचर करेगा। इसके कारण अचानक धन हानि हो सकती है। आमदनी में भी गिरावट होने के  संकेत हैं। परिजनों के साथ मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर उधार लेना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ भी कलह के  संकेत हैं। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें व किसी से भी कोई विवाद न करें। 
 
उपाय : ग्रहों की शांति के लिए रविवार के दिन सूर्य मंदिर में अन्न दान करें। 
 
वृश्चिक राशि के जातकों की राशि में सूर्य सातवें भाव में गोचर करेगा। इसके प्रभाव से स्वभाव में आक्रामकता देखने को मिल सकती है। जीवन साथी  से कलह संभव है। कार्य क्षेत्र में उन्नति के योग हैं। कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। वैवाहिक जीवन में आने वाले मतभेदों को दूर कर आपसी रिश्ते और मधुर बनाने का प्रयास करें। 
 
उपाय : ग्रहों को प्रसन्न करने के लिए शुक्रवार के दिन कन्याओं को मीठा खिलाने से लाभ होगा। 
 
धनु राशि के जातकों की राशि में सूर्य छठें भाव में गोचर करेगा। इसके कारण व्यक्तित्व में साहस और पराक्रम की वृद्धि होगी। कोर्ट कचहरी का फैसला हक में आ सकता है। शत्रु को पराजित करेंगे। कोई अप्रत्याशित व्यय हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय में कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता पड़ेगी। जीवन साथी के स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है, उनकी सेहत का ख्याल रखें। 
 
उपाय : अच्छी सेहत के लिए नित्य सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल का अर्घ्य दें।
 
मकर राशि के जातकों की राशि में सूर्य पांचवें भाव में संचरण करेगा, जिसके फलस्वरूप प्रेमियों में विवाद हो सकता है। छात्रों को भी पढ़ाई में समस्या उत्पन्न होगी। आध्यात्मिक अथवा धार्मिक कार्यों में सकारात्मक परिणाम मिल सकता है। 
 
उपाय : मन की शांति के लिए नित्य सूर्य मंत्र का जाप करें।
 
कुंभ राशि के जातकों की राशि में सूर्य चौथे भाव में प्रवेश करेगा, जिसके कारण माता की सेहत में गिरावट आने की संभावना है। विवाहित जातकों के लिए यह गोचर अनुकूल है, कार्य क्षेत्र में पहचान मिलेगी। कार्यक्षेत्र में उन्नति संभव है। व्यापार में साझेदारी से मुनाफा संभव है। 
 
उपाय : साझेदारी में लाभ के लिए रविवार के दिन गुड़ अथवा गेहूं का दान करें।
 
मीन राशि के जातकों की राशि में सूर्य तीसरे भाव में गोचर करेगा। यह जातको को कर्मों के प्रति दृढ़ और संकल्पित बनाएगा। निकट परिजनों से   मनमुटाव हो सकता है। धार्मिक कार्यों में प्रवृत्त होंगे व विचारों में उदारता एवं दान-दक्षिणा का भाव देखा जा सकता है। छोटी यात्रा के भी योग हैं।  
 
उपाय : इस समय हनुमान जी की आराधना करने से आध्यात्मिक ज्ञान में वृद्धि होगी। 

 
ये भी पढ़ें
जिस घर में होती हैं ये चीजें वहां नहीं आता धन और शांति