शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. विश्वकप 2011
Written By भाषा

सचिन तेंडुलकर 100वें शतक से चूके

सचिन तेंडुलकर 100वें शतक से चूके -
सचिन तेंडुलकर की जीवनदानों से भरी 85 रन की पारी और अच्छी शुरुआत के बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम आज यहाँ तेज गेंदबाज वहाब रियाज के ‘पंजे’ में फँसकर पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल के महामुकाबले में नौ विकेट पर 260 रन ही बना पाई।

भारतीय बल्लेबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे और यहाँ तक कि तेंडुलकर को चार जीवनदान मिले जबकि एक बार यूडीआरएस उनके बचाव में आगे आया। वीरेंद्र सहवाग (38), गौतम गंभीर (29) और कप्तान महेंद्रसिंह धोनी (25) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। सुरेश रैना 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

रियाज भारतीयों के लिये कातिल साबित हुए। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 46 रन देकर पाँच विकेट लिए और शोएब अख्तर की कमी नहीं खलने दी। सबसे अहम बात यह रही कि भारतीय बल्लेबाज स्पिनरों के सामने भी हावी होकर नहीं खेल पाए। पाकिस्तान के तीनों स्पिनर ने 30 ओवर में केवल 123 रन दिए। इनमें आफ स्पिनर सईद अजमल सबसे सफल रहे। उन्होंने 44 रन देकर दो विकेट लिए।

भारत को सहवाग ने तूफानी शुरुआत दिलाई और तब लग रहा था कि टीम 300 रन के पार पहुँचेगी, लेकिन बीच में नियमित अंतराल में विकेट गँवाने से रन गति धीमी पड़ी। आलम यह था एक समय 15 ओवर तक गेंद सीमा रेखा पार ही नहीं गई।

सहवाग ने इस विश्व कप में चौका जड़कर खाता खोलने का क्रम बनाए रखा और आज उनके निशाने पर उमर गुल थे जिनके खिलाफ उन्होंने 19 गेंद पर आठ चौके जमाकर पाकिस्तानी आक्रमण थर्रा दिया।

तेंडुलकर का भाग्य ने पूरा साथ दिया। उन्होंने आठवें ओवर में रियाज के खिलाफ अपनी कलात्मकता और प्लेसमेंट का जानदार नमूना पेश किया, लेकिन तब स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया जब उनके खिलाफ अजमल की पगबाधा की अपील पर अंपायर इयान गाउल्ड की अँगुली उठ गई।

तब 23 रन पर खेल रहे तेंडुलकर ने रेफरल माँगा। गेंद लाइन में थी लेकिन रीप्ले से पता लग रहा था वह लेग स्टंप छोड़ रही थी। गाउल्ड को फैसला बदलना पड़ा। अगली गेंद पर स्टंपिंग की अपील पर तेंडुलकर को संदेह का फायदा मिला।

पाकिस्तानी क्षेत्ररक्षक भी पूरी तरह से तेंडुलकर पर मेहरबान थे। तेंडुलकर को 27 रन पर मिस्बाह उल हक, 45 रन पर यूनिस खान और 70 रन पर कामरान अकमल ने जीवनदान दिया। तीनों अवसरों पर दुर्भाग्यशाली गेंदबाज कप्तान शाहिद अफरीदी रहे। तेंडुलकर जब 81 रन पर थे तब मोहम्मद हफीज की गेंद पर उमर अकमल ने आसान कैच टपकाया।

इन जीवनदान के बावजूद तेंडुलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों का शतक पूरा नहीं कर पाए। अजमल की गेंद पर उन्होंने ढीला ड्राइव खेला और एक्स्ट्रा कवर पर अफरीदी ने कैच लेने में कोई गलती नहीं की। तेंडुलकर ने 115 गेंद खेली और 11 चौके लगाए।

इस बीच दूसरे छोर पर लगातार तीन विकेट गिरने से तेंडुलकर पर दबाव भी बढ़ा। गंभीर एक दो आकर्षक शॉट लगाने के बाद हफीज की फ्लाइट लेती गेंद पर चूक गये और बाकी काम विकेटकीपर ने पूरा कर दिया।

दर्शकों का दिल टूट गया। उनकी धड़कने बढ़ गई थी, लेकिन धोनी ने रियाज की हैट्रिक नहीं बनने दी। इसके बाद अगली गेंद जब धोनी के बल्ले का किनारा लेकर चार रन के लिए गई तो कुछ ही तालियाँ बजी।

लेकिन भारतीय टीम दबाव में आ चुकी थी और पाकिस्तानी गेंदबाजी हावी हो गए थे। आलम यह था कि 30वें ओवर के बाद गेंद को सीमा रेखा के दर्शन करने के लिए 45वें ओवर तक का इंतजार करना पड़ा और इस बीच टीम ने तेंडुलकर और धोनी के विकेट गँवाए।

धोनी को भी जीवनदान मिला, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। वहाब रियाज की गेंद पर कामरान ने उनका कैच छोड़ा, लेकिन इसी ओवर में भारतीय कप्तान पगबाधा आउट हो गए। धोनी ने रिव्यू भी माँगा, लेकिन साइमन टफेल का फैसला ही सही साबित हुआ।

गुल ने अपने पहले चार ओवर में 41 रन दिए थे और बाद में उनकी नहीं चली। बल्लेबाजी पॉवरप्ले में रैना ने उन्हें निशाना बनाया और 46वें ओवर में उन पर तीन चौके जड़ें। यह पॉवरप्ले का पहला ओवर भी था। इस बीच ‘दूसरा’ के धनी हरभजन सिंह (12) को अजमल ने ‘दूसरा’ पर अपना शिकार बनाया जबकि रियाज ने जहीर खान (9) के रूप में पाँचवाँ विकेट लिया। (भाषा)