गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. खंडवा
Written By Naidunia
Last Modified: खंडवा , गुरुवार, 15 सितम्बर 2011 (22:59 IST)

खंडवा में एक घंटे में 6 इंच बारिश

खंडवा में एक घंटे में 6 इंच बारिश -
गुरुवार को श्राद्ध तृतीया पर खंडवा शहर में बादल फट पड़े। एक घंटे में 6 इंच बारिश ने यहाँ के सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। शहर में जगह-जगह जल प्लावन की स्थिति बन गई। निचली बस्तियों में लोगों को बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। बुधवार को भी नगर में आधा घंटे में ढाई इंच वर्षा हुई थी।


खंडवा के घरों और दुकानों में पानी भरने के साथ ही सड़कें नालों में तब्दील हो गईं। निचली बस्तियों के साथ ही तलघर (अंडरग्राउंड) की दुकानों में पानी भरने से लोगों को भारी नुकसान हुआ। दोपहर 3 बजे के लगभग शुरू हुआ तूफानी बारिश का दौर एक घंटे जारी रहा। विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई।


अब तक 1458 मिमी

60 मिनट में 160 मिमी पानी बरसा। इस वर्षाकाल में शहर में अब तक 1458 बारिश हो चुकी है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 836 मिमी बारिश ही दर्ज हुई थी।


24 घंटों में 220 मिमी

पिछले 24 घंटों में यहाँ कुल 220 मिमी वर्षा हो चुकी है। इससे खंडवा तहसील ने जिले की अन्य तहसीलों को पछाड़ दिया है। जिले में बुधवार शाम तक 1079 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। जबकि खंडवा तहसील में 1298, पंधाना 1212, एवं नया हरसूद में 728.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। जिले के मूँदी क्षेत्र में भी गुरुवार को दोपहर आधा घंटा जोरदार बारिश हुई।


बुरहानपुर में भी झमाझम

बुरहानपुर जिले में दूसरे दिन भी झमाझम बारिश हुई। दोपहर 12.40 से आरंभ हुआ तेज वर्षा का दौर 1.35 बजे तक चला। पिछले 24 घंटे में खकनार तहसील में 51 और नेपानगर तहसील में 14.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई। बारिश के कारण बुधवार देर शाम अंतरप्रांतीय विदर्भ राज्य राजमार्ग क्र. 54 पर घंटों यातायात ठप रहा। आलीराजपुर में करीब आधे घंटे तक रिमझिम बारिश हुई।