गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नन्ही दुनिया
  4. »
  5. तेनालीराम की कहानियां
Written By WD

तेनालीराम की कहानियां : बहुरुपिए हैं या राजगुरु

तेनालीराम की कहानियां : बहुरुपिए हैं या राजगुरु -
तेनालीराम के कारनामों से राजगुरु बहुत परेशान थे। हर दूसरे-तीसरे दिन उन्हें तेनालीराम के कारण नीचा देखना पड़ता था। वे सारे दरबार में हंसी का पात्र बनता थे। उन्होंने सोचा कि यह दुष्ट कई बार महाराज के मृत्युदंड से भी बच निकला है। इससे छुटकारा पाने का केवल एक ही रास्ता है कि मैं स्वयं इसको किसी तरह मार दूं।

उन्होंने मन ही मन एक योजना बनाई। राजगुरु कुछ दिनों के लिए तीर्थयात्रा के बहाने नगर छोड़कर चले गए और एक जाने-माने बहुरुपिए के यहां जाकर उससे प्रशिक्षण लेने लगे। कुछ समय में वे बहुरुपिए के सारे करतब दिखाने में कुशल हो गए।

वे बहुरुपिए के वेश में ही वापस नगर चले आए और दरबार में पहुंचे। उन्होंने राजा से कहा कि वे तरह-तरह के करतब दिखा सकते है। राजा बोले, ‘तुम्हारा सबसे अच्छा स्वांग कौन-सा है?’

FILE


बहुरुपिए ने कहा, ‘मैं शेर का स्वांग बहुत अच्छा करता हूं महाराज, लेकिन उसमें खतरा है। उसमें कोई घायल भी हो सकता है और मर भी सकता है। इस स्वांग के लिए आपको मुझे एक खून माफ करना पड़ेगा।’

महाराज ने उनकी शर्त मान ली। ‘एक शर्त और है महाराज। मेरे स्वांग के समय तेनालीराम भी दरबार में अवश्य उपस्थित रहें,’ बहुरुपिया बोला।

‘ठीक है, हमें यह शर्त भी स्वीकार है,’ महाराज ने सोचकर उत्तर दिया।

FILE


इस शर्त को सुनकर तेनालीराम का माथा ठनका। उसे लगा कि यह अवश्य कोई शत्रु है, जो स्वांग के बहाने मेरी हत्या करना चाहता है। अगले दिन स्वांग होना था। तेनालीराम अपने कपड़ों के नीचे कवच पहनकर आया ताकि अगर कुछ गड़बड़ हो तो वह अपनी रक्षा कर सके। स्वांग शुरू हुआ।

बहुरुपिए की कला का प्रदर्शन देखकर सभी दंग थे। कुछ देर तक उछलकूद करने के बाद अचानक बहुरुपिया तेनालीराम के पास पहुंचा और उस पर झपट पड़ा। तेनालीराम तो पहले से ही तैयार था। उसने धीरे से अपने हथनखे से उस पर वार किया। तिलमिलाता हुआ बहुरुपिया उछलकर जमीन पर गिर पड़ा।

तेनालीराम पर हुए आक्रमण से राजा भी एकदम घबरा गए थे। कहीं तेनालीराम को कुछ हो जाता तो? उन्हें बहुरुपिए की शर्तों का ध्यान आया। एक खून की माफी और तेनालीराम के दरबार में उपस्थित रहने की शर्त। अवश्य दाल में कुछ काला है।


उन्होंने तेनालीराम को अपने पास बुलाकर पूछा, ‘तुम ठीक हो ना? घाव तो नहीं हुआ?’ तेनालीराम ने महाराज को कवच दिखा दिया। उसे एक खरोंच भी न आई थी। महाराज ने पूछा, ‘क्या तुम्हें इस व्यक्ति पर संदेह था, जो तुम कवच पहनकर आए हो?’

‘महाराज, अगर इसकी नीयत साफ होती तो यह दरबार में मेरे उपस्थित रहने की शर्त न रखता,’ तेनालीराम ने कहा। महाराज बोले, ‘इस दुष्ट को मैं दंड देना चाहता हूं। इसने तुम्हारे प्राण लेने का प्रयत्न किया है। मैं इसे अभी फांसी का दंड दे सकता हूं लेकिन मैं चाहता हूं कि तुम स्वयं इससे बदला लो।’

‘जी हां, मैं स्वयं ही इसको मजा चखाऊंगा।’ तेनालीराम गंभीरता से बोला।

‘वह कैसे?’ महाराज ने पूछा। ‘बस आप देखते जाइए’, तेनालीराम ने उत्तर दिया।


फिर तेनालीराम ने बहुरुपिए से कहा, ‘महाराज, तुम्हारी कला से बहुत प्रसन्न हैं। वे चाहते हैं कि कल तुम सती स्त्री का स्वांग दिखाओ। अगर उसमें तुम सफल हो गए तो महाराज की ओर से तुम्हें पुरस्कार के रूप में पांच हजार स्वर्ण मुद्राएं भेंट की जाएंगी।’

बहुरुपिए के वेश में छिपे राजगुरु ने मन ही मन कहा कि इस बार तो बुरे फंसे, लेकिन अब स्वांग दिखाए बिना चारा भी क्या था? तेनालीराम ने एक कुंड बनवाया। उसमें बहुत-सी लकड़ियां जलवा दी गईं। वैद्य भी बुलवा लिए गए कि शायद तुरंत उपचार की आवश्यकता पड़े।

बहुरुपिया सती का वेश बनाकर पहुंचा। उसका पहनावा इतना सुंदर था कि कोई कह नहीं सकता था कि वह असली स्त्री नहीं है। आखिर उसे जलते कुंड में बैठना ही पड़ा। कुछ पलों में ही लपटों में उसका सारा शरीर झुलसने लगा। तेनालीराम से यह देखा न गया। उसे दया आ गई। उसने बहुरुपिए को कुंड से बाहर निकलवाया।


राजगुरु ने एकदम अपना असली रूप प्रकट कर दिया और तेनालीराम से क्षमा मांगने लगे। तेनालीराम ने हंसते हुए उसे क्षमा कर दिया और उपचार के लिए वैद्यों को सौंप दिया। कुछ ही दिनों में राजगुरु स्वस्थ हो गया।

उसने तेनालीराम से कहा, ‘आज के बाद मैं कभी तुम्हारे लिए मन में शत्रुता नहीं लाऊंगा। तुम्हारी उदारता ने मुझे जीत लिया है। आज से हमें दोनों अच्छे मित्र की तरह रहेंगे।’

तेनालीराम ने राजगुरु को गले लगा लिया। उसके बाद तेनालीराम और राजगुरु में कभी मनमुटाव नहीं हुआ