मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

स्वर्ण पदकधारी मुक्केबाज को मिलेंगे 51 लाख

स्वर्ण पदकधारी मुक्केबाज को मिलेंगे 51 लाख -
WD
भारतीय अमेच्योर मुक्केबाजी महासंघ (एआईबीए) की प्रायोजक कंपनी मोनेट इस्पात एवं एनर्जी लिमिटेड ने देश के आठ मुक्केबाजों के लंदन ओलिम्पिक के लिए रवाना होने से पहले घोषणा की कि स्वर्ण पदक जीतने वाले मुक्केबाजों को 51 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा

मोनेट ने रजत पदक जीतने वाले मुक्केबाजों को 21 और कांस्य पदक हासिल करने वाले मुक्केबाजों को 11 लाख रुपए के पुरस्कार की घोषणा की। कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संदीप जजोदिया ने यहां आयोजित कार्यक्रम में कहा,यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि हमारा सबसे बड़ा दल लंदन में देश का प्रतिनिधित्व करेगा और हमें सभी से पदक की उम्मीद है।

मुक्केबाजों के लिए आयोजित रवानगी कार्यक्रम में मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अभयसिंह चौटाला, भारतीय ओलिम्पिक संघ (आओए) के अध्यक्ष वीके मल्होत्रा, आओके महासचिव राजा रणधीरसिंह, लंदन ओलिम्पिक में भारतीय दल के दल प्रमुख और पूर्व ओलिम्पियन अजीत पाल सिंह, महासंघ के महासचिव ब्रिगेडियर पीकेएम राजा ने आठों मुक्केबाजों के लिए बधाई संदेश लिखा।

बीजिंग ओलिम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंदर सिंह (75 किग्रा), एशिया खेलों के स्वर्ण पदकधारी विकास कृष्ण (69 किग्रा), राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी मनोज कुमार (64 किग्रा), राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदकधारी जय भगवान (60 किग्रा), 2010 युवा एशिया चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी सुमित सांगवान (81 किग्रा), 2010 युवा ओलिम्पिक के रजत पदकधारी शिव थापा (56 किग्रा) और एल देवेंद्रोसिंह (49 किग्रा) पुरुष टीम के सदस्य हैं, जबकि पहली बार ओलिम्पिक में शामिल हुईं महिला मुक्केबाजी में पांच बार की विश्व चैम्पियन एमसी मैरीकाम देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। (भाषा)