शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. पर्यटन
  3. धार्मिक स्थल
  4. तीन धर्मों का तीर्थ स्थल-2
Written By अनिरुद्ध जोशी 'शतायु'

तीन धर्मों का तीर्थ स्थल-2

यरुशलम: वि‍वि‍धता का नमूना

Old City of jerusalem | तीन धर्मों का तीर्थ स्थल-2
PR
इसराइल के चार प्रमुख क्षेत्र हैं- तेल अवीव, जेरुशलमल, हैफा और बीयर शेव। यरुशलम इसराइल का सबसे बड़ा शहर और राजधानी है। यरुशलम की गिनती प्राचीन नगरों में की जाती है।

यरुशलम के पास से जॉर्डन सीमा प्रारंभ होती हैं। इसराइल के तेल अवीव की सीमा भी इससे लगी हुई हैं। यहाँ कि अधिकारिक भाषा हिब्रू है, लेकिन अरबी और अंग्रेजी अब ज्यादा बोली जाती है। यरुशलम सहित इसराइल के बाशिंदे लगभग 75 प्रतिशत यहूदी, 15 प्रतिशत ‍मुस्लिम और 10 प्रतिशत अन्य धर्म को मानते हैं।

टॉवर ऑफ डेविड:
जियोन के नजदीक प्राचीन जाफा गेट पर बना हुआ प्राचीन 'टॉवर ऑफ डेविड', जिसे बुर्ज दाऊद या दाऊद का गुम्बद भी कहा जाता है। माना जाता है कि यहाँ राजा सुलैमान (सोलोमन) की कब्र है। यहीं से पुराने शहर में प्रवेश किया जाता है। इस गेट के आसपास किलेनुमा परकोटा है और गेट के अंदर घुसते ही एक ओर आर्मेनियाई क्वार्टर तो दूसरी और ‍ईसाई क्वार्टर है। गेट से बाहर जियोन पहाड़ी पर 'सिटी ऑफ डेविड' को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जमा होती है।

सोलोमन टेम्पल:
दाऊद के बेटे ही सुलैमान थे जिन्हें इसराइल का सम्राट माना जाता था। माना जाता है कि सोलोमन टेम्पल का निर्माण 10वीं शताब्‍दी ईसा पूर्व में हुआ था। मूलत: यह मंदिर हिब्रू (यहूदी) संप्रदाय से संबंधित है। पवित्र सोलोमन टेम्पल को रोमनों ने नष्ट कर दिया था।

उक्त टेम्पल बाइबिल में प्रथम प्रार्थनालय के नाम से दर्ज है। चारदीवारी से घिरे इस भव्य टेम्पल के स्थल पर ही अब यहूदियों के महत्वपूर्ण स्थल टेम्पल माउंट और पश्चिमी दीवार के अलावा अल अक्सा मस्जिद, डोम ऑफ द रॉक और चर्च है। हालाँकि यह विवाद का विषय और जगह है।

सिटी ऑफ डेविड :
इसराइल के सम्राट दाऊद के नाम पर उनके बेटे सुलैमान ने एक नगर बसाया था जिसे सिटी ऑफ डेविड कहा जाता है। ओल्ड सिटी के जियोन गेट या डंग गेट से निकल कर जियोन पहाड़ी पर इस प्राचीन सिटी के अवशेष आज भी देखे जा सकते हैं। माना जाता है कि यह लगभग तीन हजार वर्ष पुराना शहर है। सोलोमन मंदिर के साथ ही इसे बनाया गया था। पर्यटकों के बीच यह सिटी आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहीं डर्मिशन चर्च के पास उनकी कब्र है।

ND
वेलिंग वॉल :
वेलिंग वॉल को 'विलाप की दीवार' भी कहते हैं। यह यहुदियों का सबसे पवित्र स्थल है। माना जाता है कि यही प्राचीन प्रार्थनालय सोलोमन टेम्पल का परिसर है। इस दीवार के ऊपरी हिस्से में अल-अक्सा मस्जिद स्थित है। यहीं पास में टेम्पल माउंट अर्थात डोम ऑफ द रॉक है। इस दीवार को पश्चिमी दीवार भी कहते हैं।

माना जाता है कि दीवार के ऊपर बने अपने धार्मिक स्थल के अपने हाथों से निकल जाने के गम में यहूदी दीवार के समक्ष विलाप करते हैं और प्रार्थना भी। अल-अक्सा मस्जिद (अलहरम-अलशरीफ) का एक हिस्सा बन चुका यह स्थल यहूदियों और मुसलमानों दोनों का एक पावन स्थल है।

चार क्वार्टर :
पश्चिम दीवार के सामने वाले हिस्से में परिसर के बाद पथ पार करके यहूदियों के क्वार्टर का क्षेत्र शुरू हो जाता है। ओल्ड सिटी से बाहर निकलने के लिए यहीं पास में डंग गेट है, जहाँ से निकल कर आप क्वार्डन घाटी में जा सकते हैं।

यहूदी क्वार्टर की सीमा जहाँ समाप्त होती है वहीं से मुस्लिम क्वार्टर की सीमा शुरू होकर हिरोड्‍स और लॉयन गेट पर खत्म होती है। मुस्लिम क्वार्टर का क्षेत्र भी बहुत बड़ा है। मुस्लिम क्वार्टर के पीछे ईसाई क्वार्टर है और यहूदियों के क्वार्टर के पीछे आर्मेनियाई क्वार्टर है।

ईसाई क्वार्टर के लिए न्यू गेट और आर्मेनियाई क्वार्टर के लिए जफा और जियोन गेट नजदीक पड़ता है। जियोन गेट पर ही बना है चर्च ऑफ डर्मिशन। यहाँ से जियोन पहाड़ी पर सिटी ऑफ डेविड देखने जा सकते हैं। मुस्लिम और ईसाई क्वार्टर की विभाजक रेखा पर स्थित है दमश्क गेट।

टेम्पल माउंट :
यहूदी इसे 'टेम्पल माउंट' कहते हैं। इस टेम्पल के नजदीक ही गोल्डन गेट है जहाँ से ओल्ड सिटी के बाहर जाया जा सकता है। टेम्पल का गुब्बद सोने से जड़ित है। माना जाता है कि ईश्वर ने प्रथम आदमी की यहीं पर उत्पत्ति की थी। यहीं पर मानव के निर्माण के लिए धूल इकट्ठी हुई थी। यह स्थान मुसलमान, ईसाई और यहूदियों के लिए पवित्र स्थान है सभी इस पर आधिपत्य चाहते हैं।

डोम ऑफ द रॉक :
टेम्पल माउंट को ही डोम ऑफ द रॉक कहा जाता है। मुसलमानों की आस्था है कि डोम ऑफ द रॉक ही वह स्थान है जहाँ से पैगंबर मुहम्मद साहिब को नमाज के लिए पहली बार हिदायत मिली थी। हालाँकि कुछ लोगों का मानना है कि डोम ऑद द रॉक टेम्पल माउंट और अल अक्सा मस्जिद के बीच है।