मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: बंगलोर (भाषा) , सोमवार, 12 नवंबर 2007 (21:08 IST)

राज्य के विकास पर ध्यान-येद्दियुरप्पा

राज्य के विकास पर ध्यान-येद्दियुरप्पा -
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बीएस येद्दियुरप्पा ने सोमवार को विश्वास जताया कि भाजपा-जनता दल (एस) सरकार स्थिर रहेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार का मुख्य ध्यान राज्य के विकास पर होगा।

मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के बाद आज येद्दियुरप्पा ने कहा राज्य का विकास हमारी प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही भाजपा और जनता दल (एस) के संयुक्त विधायक दल की एक बैठक आयोजित की जाएगी।

येद्दियुरप्पा ने कहा हम गठबंधन धर्म का पालन कररेंगे। नए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी उनके रोल माडल हैं जिन्होंने कई गठबंधन सहयोगियों के साथ केंद्र में सफल सरकार चलाई।

येद्दियुरप्पा ने अल्पसंख्यकों को आश्वस्त किया कि उनके साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। उनके साथ चार भाजपा विधायकों गोविन्द एम. कराजोल, वीएस आचार्य, जगदीश शेट्टर और आर. अशोक ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन था क्योंकि इस अवसर पर लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथसिंह सहित कई शीर्ष नेता मौजूद थे।

मोदी के बयान से बवाल : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ बीएस येद्दियुरप्पा की भाजपानीत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में यह टिप्पणी कर हलचल पैदा कर दी कि कर्नाटक भी गुजरात माडल का अनुसरण करेगा। उनके इस बयान से मीडिया में कयास लगाया जाने लगा कि वे कर्नाटक सरकार के हिंदुत्व एजेंडा पर चलने की बात कर रहे हैं।