शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: जम्मू (भाषा) , शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2008 (15:27 IST)

पाक ने फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया

पाक ने फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया -
सीमा सुरक्षा बल ने जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से पाकिस्तानी गोलीबारी की आड़ में भारतीय भू-भाग में उग्रवादियों की घुसपैठ का प्रयास नाकाम कर दिया और एक उग्रवादी को मार गिराया। छह दिन में पड़ोसी रेंजरों द्वारा संघर्ष विराम के उल्लंघन की यह तीसरी घटना है।

बीएसएफ के अतिरिक्त उप महानिरीक्षक (खुफिया) जेबी सागवान ने बताया कि तीन से चार उग्रवादियों का एक समूह गुरुवार रात जम्मू के आरएसपुरा इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारतीय भू-भाग में घुस गया।

उन्होंने बताया कि इन उग्रवादियों को बीएसएफ के जवानों ने ललकारा तो पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। संघर्ष विराम उल्लंघन का कारण उग्रवादियों को घुसपैठ कराने में सहायता करना था।

बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में एक उग्रवादी मारा गया और शेष वापस पाकिस्तान की ओर भाग गए। मारे गए उग्रवादी का शव बरामद कर लिया गया है।

सागवान ने बताया कि पिछले छह दिन में पाकिस्तानी सेना ने तीसरी बार गोलीबारी की है। इस गोलीबारी की आड़ में ही उग्रवादी भारत में घुसपैठ की कोशिश करते हैं।

उन्होंने बताया सीमा पर लगी कांटेदार तार की बाड़ को उग्रवादी कोई नुकसान नहीं पहुँचा पाए। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई के कारण उग्रवादी बाड़ तक पहुँच ही नहीं सके।

उग्रवादियों ने पाकिस्तान के माली अनंदनागा चौकी से भारत में घुसने की कोशिश की, जो भारत की कारोतोना खुर्द चौकी के सामने है।