बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By ND

दंगा पीड़‍ितों के लिए आदर्श पहल

बर्बाद जिंदगियों में खुशियों की छूटी फुलझड़ियाँ

दंगा पीड़‍ितों के लिए आदर्श पहल -
दीपावली पर यदि खुशी न हो तो कोई बात नहीं। खुशियों की फुलझड़‍ियाँ यदि पी़ड़‍ितों के आँगन में उतरें तो इससे बेहतर खुशी समाज के लिए क्या हो सकती है। कुछ ऐसी ही पहल गुजरात के दंगा पीड़‍ितों के लिए की गई है और उनका सामूहिक विवाह आयोजित किया गया।

आदर्श सेवा ट्रस्ट ने इस तरह का आयोजन किया था। 2002 में जो लोग दंगा पीड़‍ित थे, उनके जख्मों पर मरहम रखने की इससे बेहतर कवायद क्या हो सकती है। आदर्श सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीज दाँगीवाला का कहना है कि ये शादियाँ पीड़‍ितों के लिए आशीर्वाद का काम कर रही हैं।

ऐसा नहीं है कि सभी पीड़‍ित एक ही क्षेत्र से हैं। गुजरात के सभी क्षेत्रों के पीड़‍ितों को इसमें शामिल किया गया। इनमें से अधिकांश का पुनर्वास तक नहीं हुआ है। कई लोग अभी भी राहत शिविरों में जीवन बिता रहे हैं। इन लोगों को ज्यादा खर्च वहन न करना पड़े, इसलिए ये आयोजन किया गया था।

ट्रस्ट के सदस्य जेएस बंदूकवाला का कहना है कि हमारा मानना है कि इस कार्य से ईश्वर खुश होगा, क्योंकि यह सबकी भलाई के लिए है। दूल्हा और दुल्हन दोनों के लिए यह नए जीवन में प्रवेश होता है।

दूल्हा बने शेख अब्दुल का कहना है कि मैंने दंगों में अपनी सारी संपत्ति खो दी। मेरा घर भी जल गया था। अब मैं नया जीवन शुरू करके खुश हूँ। दुल्हन आशियाना बानो का कहना है कि मैं वह वाकया ही याद नहीं करना चाहती। मैं अपना नया जीवन खुशी-खुशी शुरू करना चाहती हूँ।

सोमवार को बाकायदा इस्लामी रीति-रिवाजों से ये शादियाँ हुईं। इसमें फर्नीचर, बर्तन, कपड़े आदि इनको भेंट किए गए। -नईदुनिया