शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By वार्ता

इंदौर के निकट सांप्रदायिक हिंसा, एक मृत

इंदौर के निकट सांप्रदायिक हिंसा, एक मृत -
इंदौर जिले के साँवेर कस्बे में सोमवार को एक विवाद से उपजे सांप्रदायिक तनाव और हिंसा की घटनाओं के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। हिंसा में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और तीन लोग घायल हो गए।

इंदौर जोन के पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र कुमार ने बताया कि दोपहर में कुछ लोगों ने एक वर्ग विशेष के युवक को तलवारों से हमला कर घायल कर दिया। इसी बीच हमले में दो और लोग घायल हो गए।

हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। बाद में स्थिति को देखते हुए साँवेर में कर्फ्यू लगा दिया गया। उन्होंने बताया कि हिंसा में तीन लोग घायल हैं और सभी को तलवारों की चोटें हैं। इन्हें पास स्थित अरबिंदो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है।

वहीं अस्पताल सूत्रों ने बताया कि तलवार के हमले में घायल एक युवक की मृत्यु हो गई, वहीं तीन अन्य लोग घायल हैं। इनमें से‍ स‍िर में गोली लगने से घायल युवक की हालत नाजुक बताई गई है।

इसके पूर्व आज सुबह 10 बजे के करीब चाय की दुकान पर एक मामूली विवाद के सांप्रदायिक रंग लेने के बाद दो समुदायों के लोग आमने-सामने हो गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

दोपहर में अचानक कुछ युवकों के तलवारों से हमला करने की घटना के अलावा हिंसा की कुछ और घटनाओं की सूचना मिलने के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। नाजुक हालत को देखते हुए क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया। साँवेर क्षेत्र में विधानसभा उपचुनाव की घोषणा की जा चुकी है। वहाँ 12 दिसंबर को चुनाव होंगे।

हिंसा के राजनीतिक अर्थ : आज भड़की सांप्रदायिक हिंसा के राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। भारतीय जनशक्ति के साँवेर क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी संतोष मालवीय के रविवार को विधिवत भाजपा में शामिल हो जाने के एक दिन बाद ही आज मामूली विवाद को सांप्रदायिक रंग देकर जिस तरह हिंसा भड़की उससे राजनीतिक हलकों में भी शंकाएँ जाहिर की जा रही हैं। साँवेर में 12 दिसंबर को मतदान की तारीख तय की गई है।

मालवीय को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना के बीच साँवेर में शक्ति का केन्द्र रहे दिवंगत विधायक और मंत्री प्रकाश सोनकर के परिजनों की नाराजी भी सामने आ रही है। मालवीय का नाम सामने आने के पूर्व स्वर्गीय प्रकाश सोनकर के परिजनों को टिकट देने की पूरी संभावना बन रही थी।

उधर, कांग्रेस ने इस विवाद के बीच पूरे घटनाक्रम को योजनाबद्ध साजिश बताया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तुलसी सिलावट और इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के प्रमुखजनों की शह पर इस घटना को अंजाम दिया गया है।