शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: मेवात (हरियाणा) , सोमवार, 31 मार्च 2014 (18:52 IST)

लोगों को गुमराह कर रही है भाजपा : सोनिया गांधी

लोगों को गुमराह कर रही है भाजपा : सोनिया गांधी -
FILE
मेवात (हरियाणा)। नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य बस प्रधानमंत्री की गद्दी हथियाना है और इसके लिए वह लोगों को गुमराह कर रही है और घड़ियाली आंसू बहा रही है।

सोनिया ने कहा कि यह चुनाव महज देश के विकास के लिए नहीं है और उनकी पार्टी संविधान सम्मत धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की हिफाजत के लिए लड़ रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार पर ताजा हमला करते हुए कहा, उनका (भाजपा का) बस एक ही लक्ष्य है- वह है प्रधानमंत्री की गद्दी और उसके लिए वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

सोनिया ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, इन दिनों भाजपा नेता अपने भेष बदल रहे हैं और घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा, यह चुनाव केवल देश के विकास से जुड़े नहीं हैं। यह चुनाव उस संवैधानिक ढांचे की हिफाजत के लिए हैं, जिसे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, हमारे पूर्वजों ने बड़े संघर्ष और परिश्रम के बाद हासिल किया और हमें सौंपा।

यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने भाजपा और मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा, यह संविधान हमारे धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की पहचान करता है और हमें इनका सम्मान करना सिखाता है। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसे देश के लिए लड़ेगी, जो कुछ लोगों का नहीं है, बल्कि एक ऐसा देश जो सबका है और जहां सबको समान अधिकार हासिल हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्ष में किसी अन्य सरकार ने इतना विकास नहीं किया, जितना मनमोहन सिंह सरकार ने किया है। इसमें मेवात का पिछड़ा इलाका भी शामिल है।

संप्रग अध्यक्ष सोनिया ने कहा, अगर आप यहां की पिछली सरकार के विकास से तुलना करेंगे तो चाहे वह पिछड़ा क्षेत्र दर्जा देने की बात हो, पेयजल सुविधा देने की बात हो या शिक्षकों एवं डॉक्टरों के लिए एक पृथक कैडर के विकास की बात हो, आप देख सकते हैं यहां (मेवात में) जो विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र हर किसी के लिए स्वास्थ्य के अधिकार का वादा करता है। इसके अलावा इसने महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने के साथ ही ग्रामीण रोजगार योजना, शिक्षा का अधिकार और आरटीआई के कार्यान्वयन के अपने वादे को पूरा किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हम एक ऐसे देश के लिए लड़ेंगे, जहां यह महत्वपूर्ण नहीं है कि हमारा धर्म, भाषा, जन्म स्थान अथवा जाति क्या है, बल्कि हम एक ऐसे देश के लिए लड़ेंगे जो धर्मनिरपेक्ष है और जहां यह महत्वपूर्ण है कि हम सब भारतीय हैं। (भाषा)