गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. लोकसभा चुनाव 2014
  3. समाचार
Written By अरविन्द शुक्ला

राजनाथसिंह 5 अप्रैल को भरेंगे लखनऊ से नामांकन

राजनाथसिंह 5 अप्रैल को भरेंगे लखनऊ से नामांकन -
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी राजनाथ सिंह आगामी पांच अप्रैल को राजधानी लखनऊ से अपना नामांकन करेगें। यह जानकारी उन्‍होंने स्वयं भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ संसदीय क्षेत्र का महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन निराला नगर के माधव सभागार में दी।
WD

महानगर के कार्यकर्ताओं से खचाखचभरे माधव सभागार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कहा कि यह चुनाव राजनाथ को नहीं बल्कि लखनऊ के कार्यकर्ता व जनता को लड़ना है। चुनाव में विजय प्रत्याशी नहीं बल्कि बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की होती है।

सिंह ने कहा कि चुनाव के समय जितना समय अपने क्षेत्र में देना चाहिए उतना तो नहीं दे पाऊंगा लेकिन चुनाव के बाद प्रत्येक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर जाकर उसके गले में जीत की माला अवश्य पहनाऊंगा, चाहे इस कार्य में महीने दो महीने क्यों न लग जाए।

उन्होंने कहा कि वैसे मेरी पूरी कोशिश होगी कि दिन में चाहे देश के किसी कोने में रहूं, शाम तक लखनऊ जरूर आ जाऊं। उन्होंने सात अप्रैल को पुनः आकर अपने नामांकन दाखिल करने की भी बात कही।

राजनाथ सिंह ने कहा कि हम सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते बल्कि देश और समाज बनाने के लिए राजनीति करते हैं। वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य की चर्चा करते हुए सिंह ने कहा कि देश आंतरिक और बाहृय दोनों रूप से खोखला हो गया है।

सिंह ने कहा कि पाकिस्तान हमारे देश के सैनिकों का सिर काट रहा है तो चीन लगातार हमारी सीमा में घुसता चला आ रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा करने वाली कांग्रेस आज तक महंगाई कम नहीं कर पाई।

गुजरात में नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने भी गुजरात सरकार के विकास की बात स्वीकार की है। जिसकी अध्यक्ष स्वयं सोनिया हैं। यही नहीं मोदी को वीजा न देने की बात कहने वाले अमेरिका की एजेन्सी ने भी गुजरात सरकार के विकास को स्वीकारा है।

सिंह ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता के ऊपर देश को बचाने की जिम्मेदारी है। पूरे भारत में भाजपा के पक्ष में वातावरण चल रहा है। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनेगी और भारत विश्वगुरु बनेगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन में बोलते हुए प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माण के बाद सबसे भ्रष्ट सरकार सोनिया, मनमोहन के नेतृत्व में चल रही है। भाजपा की रैलियों में उमड़े जनसमूह ने केन्द्र में आपकी सरकार बनना निश्चित कर दिया है। आप पूरी ऊर्जा से लखनऊ सहित उत्तरप्रदेश में जीत दर्ज कराएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्‍टर लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि आप अपना-अपना बूथ जीतें सीट अपने आप जीत जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अति उत्साह से बचने की भी हिदायत दी।

वरिष्ठ नेता व लखनऊ के वर्तमान सांसद लालजी टण्डन ने कार्यकर्ताओं की ओर से राजनाथ सिंह से कहा कि आप लखनऊ छोड़कर पूरे देश में मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए दौरा करें, यहां की पूरी व्यवस्था मैं स्वयं संभालूंगा। टण्डन के इतना कहते ही पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

लखनऊ के महापौर डॉक्‍टर दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में मंगल के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का लक्ष्य लिया गया है। भाजपा मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है तो बाकी दल उन्हें रोकने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्षदों से बूथ अनुसार हर घर पहुंचने का आग्रह किया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के निजी सहयोगी शिवकुमार ने कहा कि आपने हमेशा इतिहास रचा है। इस बार भी आपको इतिहास रचना है। महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह ने कहा कि यहां 22 मण्डल, 110 वार्ड और 1677 बूथों के कार्यकर्ता आए हुए हैं। मैं इनकी ओर से आश्वस्त करता हूं कि यह रिकॉर्ड जीत होगी।

कार्यक्रम में डॉक्‍टर रमापतिराम त्रिपाठी, सांसद कुसुम राय, जयप्रकाश चतुर्वेदी, हरद्वार दुबे, गोपाल टण्डन, पंकज सिंह, डॉक्‍टर महेन्द्र सिंह, एलपी मिश्रा एडवोकेट, मनीष शुक्ला, अनीता अग्रवाल, अमित पुरी, अभिजात मिश्रा, सुरेश तिवारी, सुरेश श्रीवास्तव, विद्यासागर गुप्ता, नानक चन्द्र, दिनेश दुबे, राकेश श्रीवास्तव, अवधेश गुप्ता छोटू, मुकेश श्रीवास्तव, अन्नू मिश्रा, संयुक्ता भाटिया, सुषमा खडगवाल, माधुरी शुक्ला, उर्मिला मिश्रा, रंजना द्विवेदी, रागिनी रस्तोगी, अलका मिश्रा, सुनीता दुबे, राजेश कटियार, शैलेन्द्र शर्मा अटल, संतोष सिंह, रामप्रताप सिंह आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।

सपा ने घबराहट में लखनऊ का प्रत्याशी बदला...आगे पढ़ें..


सपा ने घबराहट में लखनऊ का प्रत्याशी बदला : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के लखनऊ संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार के तौर पर बुधवार को अपने पहले दौरे पर लखनऊ पहुंचने पर समाज के सभी तबकों से मिले भारी समर्थन से प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी घबरा गई है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, यह उसी घबराहट का नतीजा है कि सपा ने राजनाथ सिंह के लखनऊ आगमन के 36 घण्टे के भीतर अपनी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक बाजपेयी को एक साल पहले लखनऊ संसदीय क्षेत्र से दिया टिकट काट दिया और उनके स्थान पर प्रदेश सरकार के मंत्री अभिषेक मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।

प्रदेश प्रवक्ता डॉक्‍टर चन्द्रमोहन ने कहा कि राजनाथ सिंह के कुशल नेतृत्व और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के विकास एजेण्डा के आगे विरोधियों के सारे अस्त्र फीके पड़ गए हैं। इनकी झल्‍लाहट अब अपने उम्मीदवारों को बदलने के रूप में दिखाई दे रही है।

इमरान मसूद की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया...आगे पढ़ें..


इमरान मसूद की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया : भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के प्रति सहारनपुर के कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद द्वारा असंवैधानिक और अमर्यादित टिप्पणी करने पर पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

WD

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि इमरान मसूद का बयान कांग्रेस की हताशा प्रकट करता है और लोक व्यवस्था छिन्न-भिन्न करने वाला है। डॉ. बाजपेयी ने कहा कि भ्रष्टाचार व महंगाई के मुद्दे पर फेल हो चुकी कांग्रेस के नेता अनाप-शनाप बोलकर चुनाव का एजेण्डा बदलना चाहते हैं। कांग्रेस देश को साम्प्रदायिक आधार पर बांटने का कुत्सित प्रयास कर रही है।

डॉ. बाजपेयी ने इमरान मसूद की टिप्पणी पर प्रदेश सरकार को भी घेरा और कहा कि सपा सरकार की चुप्पी 'वोट बैंक' के लालच में है। डॉ. बाजपेयी ने मुजफ्फरनगर दंगों पर प्रदेश सरकार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा फटकारे जाने पर कहा कि सपा सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़कर बच नहीं सकती क्योंकि प्रशासन शासन के आधीन होता है।

आजम खान की सफाई इसलिए भी हास्यास्पद है कि अपने व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए कई बार सरकार को बैकफुट पर भेज चुके आजम खान इतने बेचारे नहीं है। डॉ. बाजपेयी ने प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री शिवपाल सिंह यादव द्वारा चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करने को संवैधानिक संस्था को कमजोर करने वाला बताया और कहा कि मंत्री का बयान चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है।

डॉ. बाजपेयी ने कहा कि मेरठ की कांग्रेस प्रत्याशी नगमा के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा छेड़छाड़ व नगमा द्वारा अपने कार्यकर्ता को थप्पड़ मारना कांग्रेस के मूल चरित्र को प्रदर्शित करता है। भाजपा का एक प्रतिनिधि मण्डल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय जाकर अपर मुख्य चुनाव अधिकारी बलकार सिंह से मिला।

डॉ. बाजपेयी ने प्रदेश के अपर मुख्य चुनाव अधिकारी को सहारनपुर के कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के आपत्तिजनक बयान पर अपना ज्ञापन सौंपा और कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की।

प्रतिनिधि मण्डल में प्रदेश उपाध्यक्ष हरिद्वारे दुबे, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, देवेन्द्र सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री समीर सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष शुक्ला, आशुतोष राय आदि लोग शामिल थे।