शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) , बुधवार, 7 जनवरी 2009 (21:37 IST)

सीबीआई में बना नया इतिहास

उपनिरीक्षक को बनाया संयुक्त निदेशक

सीबीआई में बना नया इतिहास -
सीबीआई में बुधवार को एक इतिहास रचा गया। शीर्ष जाँच एजेंसी में पहली बार किसी उपनिरीक्षक को पदोन्नति दे कर उन्हें संयुक्त निदेशक बना दिया गया। सीबीआई के अस्तित्व में आने के 67 साल बाद ऐसा हुआ है।

एम. नारायणन कल तक विशेष अपराध क्षेत्र (दिल्ली) में डीआईजी थे। उनकी पदोन्नति विशेष अपराध प्रभाग के संयुक्त निदेशक के रूप में की गई है।

नारायणन 38 वर्ष पूर्व इस जाँच एजेंसी में उपनिरीक्षक के तौर पर शामिल हुए थे। उन्होंने सीबीआई में विभिन्न पदों पर काम किया। उन्हें वर्ष 1992 में उत्कृष्ट सेवा तथा 1999 में विशेष सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पद से सम्मानित किया गया।

उन्होंने 1999 में अपहरण कर कंधार ले जाए गए भारतीय विमान आईसी-814 मामले, पूर्व सैन्य प्रमुख जनरल एएस वैद्य की हत्या और पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े मामले सुलझाए। वे डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम के खिलाफ लगे बलात्कार के आरोपों की भी जाँच कर रहे हैं।

नारायणन के एक साथी ने कहा सीबीआई के इतिहास में वे अकेले ऐसे अधिकारी हैं, जो उपनिरीक्षक के ओहदे से संयुक्त निदेशक या पुलिस महानिरीक्षक के पद तक पहुँच सके हैं।