शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 14 जनवरी 2014 (00:29 IST)

प्रियंका सिर्फ रायबरेली, अमेठी में प्रचार करेंगी

प्रियंका सिर्फ रायबरेली, अमेठी में प्रचार करेंगी -
FILE
नई दिल्ली। प्रियंका गांधी सिर्फ अमेठी और रायबरेली में प्रचार करेंगी हालांकि वह देशभर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रचार अभियान का समन्वय करेंगी।

कांग्रेस पिछले सप्ताह राहुल गांधी के निवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में प्रियंका के हिस्सा लेने के मद्देनजर पार्टी में उनकी बड़ी भूमिका को लेकर अटकलों को समाप्त करने का प्रयास कर रही थी।

लेकिन यह भी पहला मौका था जब पार्टी ने अमेठी और रायबरेली से परे भी कांग्रेस की राजनीति में प्रियंका की भूमिका को स्वीकार किया है। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख अजय माकन ने संवाददाताओं से कहा, ‘प्रियंका गांधी सिर्फ रायबरेली और अमेठी में प्रचार करेंगी। वह पहले भी रायबरेली और अमेठी में प्रचार करती रही हैं।’

उन्होंने कहा, ‘वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के देशव्यापी यात्रा कार्यक्रमों का भी समन्वय करेंगी जो वह पहले भी करती रही हैं।’

प्रियंका की पिछले दिनों राहुल के आवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ हुई बैठक ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी थी। इस मुलाकात ने इन अटकलों को तेज कर दिया था कि क्या वह लोकसभा चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने के पक्ष में हैं।

इस बैठक में सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल, केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश, कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री, अजय माकन और जनार्दन द्विवेदी तथा पार्टी के विचारक मोहन गोपाल मौजूद थे।

इस बात को लेकर अटकलें थीं कि क्या प्रियंका चुनावों में पार्टी को चमकाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। हालांकि कांग्रेस ने वरिष्ठ नेताओं की बैठक में प्रियंका की मौजूदगी को उस वक्त कोई खास तवज्जो नहीं दी थी।

पार्टी ने कहा था कि प्रियंका कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रही हैं और साथ ही सवाल किया कि उनकी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात में आश्चर्य की बात क्या है। इस संबंध में माकन के बयान पर पार्टी ब्रीफिंग में प्रवक्ता राज बब्बर ने कहा कि अगर माकन ने बयान दे दिया है तो मामला यहीं समाप्त होता है। इस पर और कुछ कहने की जरूरत नहीं है। (भाषा)