गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल का निधन

पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल का निधन -
FILE
वर्ष 1990 के दशक में गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल का शुक्रवार को संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया।

पारिवारिक सूत्रों ने कहा कि 92 वर्षीय गुजराल का निधन एक निजी अस्पताल में अपराह्न तीन बजकर 27 मिनट पर हुआ। फेफड़ों में संक्रमण के कारण 19 नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पूर्व प्रधानमंत्री पिछले कुछ समय से बीमार थे और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। वह एक वर्ष से ज्यादा समय से डायलिसिस पर थे और कुछ दिनों पहले उनके फेफड़े में गंभीर संक्रमण हो गया।

गुजराल के शव को शनिवार सुबह मध्य दिल्ली में जनपथ स्थित उनके आवास पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए रखा जाएगा और दिवंगत जगजीवन राम के स्मारक समता स्थल के पास अपराह्न तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने संसद को उनके निधन के बारे में जानकारी दी जिसके बाद दोनों सदन स्थगित कर दिए गए। सोमवार को उनके निधन पर शोक प्रकट किया जाएगा।

शिंदे ने गुजराल के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि वे एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि पूर्व विदेशमंत्री ने बहुत ही अच्छे तरीके से भारत का प्रतिनिधित्व किया था। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने गुजराल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने गुजराल के निधन को देश के लिए एक बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने मूल्य आधारित राजनीति का अनुसरण किया। वे एक उल्लेखनीय, महान और असाधारण सांसद थे।

पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा कि यह देश के लिए एक बड़ी क्षति है, बल्कि मैं कहूंगा कि राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे पूरी ईमानदारी के साथ सार्वजनिक जीवन में बहुत सक्रिय रहे थे। (भाषा)