मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

नितिन गडकरी से बनाई संघ ने दूरी

नितिन गडकरी से बनाई संघ ने दूरी -
FILE
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा संचालित कंपनियों को संदेहास्पद वित्त पोषण के आरोपों के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इस पूरे विवाद से खुद को अलग कर लिया। उसने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन किसी अवैध गतिविधि में लिप्त है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो दोषी पाए जाएं, अवश्य दंडित हों।

संघ ने कहा कि उसे गडकरी को लेकर चल रहे विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। इस विवाद पर बयान जारी करते हुए संघ ने कहा कि वह संगठन (संघ) को इस विवाद में घसीटने के प्रयासों से दुखी है। संघ के सरकार्यवाह भय्याजी जोशी ने कहा कि हमें इन विवादों में संघ का नाम घसीटे जाने के प्रयासों से काफी अफसोस है।

जोशी का यह बयान उन मीडिया खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया है कि संघ गडकरी के बचाव की कोशिश कर रहा है। विवाद शुरू होने से पहले गडकरी का लगातार दूसरी बार भाजपा अध्यक्ष बनना तय समझा जा रहा था। इसके लिए पार्टी के विधान में संशोधन भी कर लिया गया है।

जोशी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मीडिया कुछ नेताओं के निगमित मामलों में कुछ अनियमितताओं के आरोप लगा रहा है। इन आरोपों की ओर आम लोगों का काफी ध्यान आकृष्ट हुआ है।

जोशी ने कहा कि जो आरोप लग रहे हैं, केवल मीडिया की ओर से आए हैं। अभी किसी अधिकृत एजेंसी को इन आरोपों की जांच करना बाकी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इन आरोपों को लेकर हो रही भाषणबाजी अधिकांशतया राजनीतिक हो गई है। संघ ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई गैर राजनीतिक स्तर पर बिना किसी पक्षपात के होनी चाहिए। (भाषा)