मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

दिल्ली गैंगरेप : निर्भया को पुरस्कार, परिजन खुश

दिल्ली गैंगरेप : निर्भया को पुरस्कार, परिजन खुश -
FILE
बलिया। देश में बलात्कार जैसे घिनौने अपराध के खिलाफ अलख जगाने वाली दिल्ली गैंगरेप की शिकार लड़की को ‘अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार’ दिए जाने पर उसके परिजन ने संतोष जाहिर किया।

लड़की के भाई ने बताया कि उनकी बहन की कुर्बानी को सम्मान दिया जाना उसकी रूह को सुकून देगा। साथ ही उसे महसूस होगा कि उसके बलिदान ने दुनिया को बलात्कार जैसे अपराधों को रोकने के लिए सोचने पर मजबूर किया है।

उन्होंने कहा कि परसों अमेरिकी दूतावास के एक अधिकारी का उनके पास फोन आया था। उस अफसर ने उनकी बहन के बारे में सारी जानकारी ली थी। हालांकि अभी उन्हें अमेरिका में आयोजित होने उस सम्मान समारोह का निमंत्रण नहीं मिला है।

गौरतलब है कि अमेरिका ने गत 16 दिसम्बर को दिल्ली में एक बस में सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई 23 वर्षीय ‘निर्भया’ को अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार देने का फैसला किया है।

एक आधिकारिक घोषणा में कल कहा गया कि ‘निर्भया’ को मरणोपरांत इस सम्मान से आठ मार्च को अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा और विदेश मंत्री जॉन केरी द्वारा नवाजा जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने दुनिया भर की 10 महिलाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा के मौके पर ‘निर्भया’ के बारे में कहा कि भारत की करोड़ों महिलाओं के लिए उसका निजी कटु अनुभव, न्याय की जंग के लिए दृढता और उसके परिवार की निरंतर बहादुरी महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढावा देने वाले कलंक और असुरक्षा को हटाने में मदद कर रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने (निर्भया) अस्पताल में रहते हुए पुलिस को दो बार बयान दिये, छह हमलावरों को न्याय के कठघरे में खड़ा करने की बार बार मांग की और न्याय को होते हुए देखने के लिए जीवित रहने की इच्छा जताई। मंत्रालय ने कहा कि उसके संघर्ष से प्रेरित कई भारतीयों की तरह उसका भी कामकाजी वर्ग के परिवार में जन्म हुआ। परिवार ने उसके सपनों में निवेश करके चिकित्सा क्षेत्र में पढ़ाई कराई।

मंत्रालय के अनुसार, उसने एक फिजियोथेरेपी पाठ्यक्रम में स्नातक किया था लेकिन उसके इम्तेहान का नतीजा आने से पहले ही जीवन समाप्त हो गया।

गौरतलब है कि पैरामेडिकल छात्रा निर्भया (काल्पनिक नाम) के साथ दिल्ली में बीते साल दिसंबर में सामूहिक बलात्कार किया गया था जिसके विरोध में देशभर में आंदोलन हुआ था। (भाषा)