गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By WD

कसाब को फांसी : सोशल मीडिया पर उमड़ा भावनाओं का सैलाब

कसाब को फांसी : सोशल मीडिया पर उमड़ा भावनाओं का सैलाब -
WD
कसाब को फांसी पर लटकाए जाने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। लोकप्रिय सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर कसाब के अलावा संसद भवन पर हमले के दोषी अफजल गुरु, कसाब को फांसी की घोषणा करने वाले महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटिल, भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पुणे और पाकिस्तान ट्विटर ट्रेंड्स में शीर्ष पर हैं।

आम आदमी मुंबई हमलों के दोषी कसाब की मौत पर बेहद खुश हैं। कुछ दफ्तरों में तो कसाब को फांसी दिए जाने पर मिठाईयां तथा चाकलेट भी बांटी गई।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्लाह ने ट्वीट किया है कि कहना होगा कि केंद्र और राज्य सरकार ने इस मुद्दे को काफ़ी परिपक्व तरीके से संभाला है। ये दिखाता है कि जरूरत पड़ने पर हम भी बातें गुप्त रख सकते हैं।

दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी के राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट किया है कि ये दक्षिणपंथियों के 'कांग्रेस आतंकवाद के मुद्दे पर नरम है' बहस का जवाब है। सरकार के फैसले की वजह से आज मैं एक गर्व महसूस कर रहा हूं।

ट्विटर पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है, 'लोकतंत्र के मंदिर, संसद पर वर्ष 2001 में हमला करने वाले अफ़ज़ल गुरु का क्या होगा? ये जुर्म कसाब के जघन्य अपराध से भी कई साल पहले हुआ था।'

एक टीवी चैनल पर विजय सालस्कर की बेटी दिव्या ने कहा कि मैं यह नहीं कहती कि मुझे पुरी तरह न्याय मिला है। हमें उन लोगों तक पहुंचना है जिन्होंने यह प्लान किया था। जब तक उन्हें सजा नहीं मिलेगी इस तरह हमले होते रहेंगे। मेरे पिताजी एक बहादुर अधिकारी थे और यह उनके खून में था। वे जो करते थे लोगों की भलाई के लिए करते थे। जैसे ही पापा ने हमले की खबर सुनी उनकी आखें भर आई। वे देश के लिए कुछ करना चाहते थे। वे हमारे कम देश के ज्यादा थे। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि मेरे पिताजी के हत्यारों पर सजा मिली है।

दिव्या ने आरोप लगाया कि पाक सरकार 26/11 मामले में कुछ नहीं कर सकी। पाक पर प्रेशर बढ़ाना होगा। इनके पीछे लगकर कुछ निकालना होगा तभी हमें न्याय मिलेगा।

मीडिया से जुडे विक्रम चंद्रा का कहना है कि जिस खामोशी से कसाब को फांसी दी गई है उससे कोई भी मीडिया सर्कस नहीं हुई। पूरा मामला पूर्णत: गुप्त रखा गया।

बॉलीवुड भी इस कसाब की फांसी पर अपने जज्बात रोक नहीं पाया कई स्टार्स ने इस पर अपनी राय रखी है। अनुपम खेर ने ट्विट किया है कि न्याय भले ही खोए हुए अपनों के दुख को मिटा नहीं सकता लेकिन इसने व्यवस्था में लोगों का विश्वास कायम कर नई आशाएं जगाई हैं। सलीना जेटली लिखती हैं कि वे देशभक्ति की फिल्में देखकर कसाब की मौत का जश्न मनाना चाहती हैं।

लेखिका तस्लीमा नसरीन का कहना है कि लाखों कसाब पैदा होंगे अगर हमने अपने मासूम बच्चों का धार्मिक ब्रेनवॉश बन्द नहीं किया। ट्विटर पर एंग्री मुंबई गर्ल लिखती हैं कि एक आतंकी को सजा देने में 4 साल लग गए और 2 निर्दोष लड़कियों को सिर्फ 4 घंटे... इसे क्या आप न्याय कहेंगे?

ट्विटर पर कई विवादास्पद ट्वीट भी किए गए हैं जिन्हें मामले की संवेदनशीलता देखते हुए हम छापना उचित नहीं समझते लेकिन इस समय कसाब की फांसी पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सैलाब आया हुआ है। (वेबदुनियन्यूज)