शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: मॉस्को , गुरुवार, 30 जनवरी 2014 (16:57 IST)

अंतरिक्ष में खेती करने में मिली कामयाबी

अंतरिक्ष में खेती करने में मिली कामयाबी -
FILE
मॉस्को। रूसी अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर विभिन्न फसलों की खेती करने में कामयाबी मिल गई है और इन फसलों को खाने के लिए सुरक्षित भी बताया जा रहा है।

इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल प्रॉब्लम्स की शोधकर्ता मार्गरिटा लेविंस्की ने गुरुवार को यहां वार्षिक अंतरिक्ष सम्मेलन में कहा कि मटर के साथ किए गए प्रयोग काफी आशाजनक हैं। रूस के अंतरिक्ष यात्रियों ने जापानी हरा साग और विशेष किस्म का गेहूं भी उगाया जिसके पौधे काफी छोटे होते हैं। इससे विशिष्ट गुणवत्ता वाले बीजों का उत्पादन होता है।

लेविंस्की ने बताया कि रूसी अंतरिक्ष यात्री स्टेशन के लाडा ग्रीन हाउस की मरम्मत के बाद अगले वर्ष धान, टमाटर और शिमला मिर्च की खेती करेंगे। शोधकर्ताओं ने इन फसलों को खाने योग्य भी बताया है और इन पर विस्तृत शोध कर रहे हैं। वे अंतरिक्ष में धान और विशेष किस्म की घास उगाने की योजना भी बना रहे हैं।

गौरतलब है कि अंतरिक्ष में खेती करने में अंतरिक्ष यात्रियों की हमेशा से रुचि रही है। ये पौधे न सिर्फ अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा छोड़ी गई कार्बन डाई ऑक्साइड को अवशोषित कर सकते हैं बल्कि इसके जरिए मानवीय अपशिष्ट को दोबारा भोजन में तब्दील किया जा सकता है।

इसके अलावा अंतरिक्ष में खेती के विकल्प से पृथ्वी से बड़ी मात्रा में रसद ले जाने की समस्या भी खत्म हो जाएगी। इससे अंतरिक्ष यान का वजन काफी बढ़ जाता है। अंतरिक्ष यात्री पहले भी पसीने और मूत्र को शुद्ध करके निकाला गया पानी पीते रहे हैं। (वार्ता)