शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म
  6. धोबी घाट : मुंबई और मुंबईवासियों की कहानी
Written By समय ताम्रकर

धोबी घाट : मुंबई और मुंबईवासियों की कहानी

Dhobi Ghat Movie Preview | धोबी घाट : मुंबई और मुंबईवासियों की कहानी
बैनर : आमिर खान प्रोडक्शन्स
निर्माता : आमिर खान, किरण राव
निर्देशक : किरण रा
कलाकार : प्रतीक, मोनिका डोगरा, कीर्ति मल्होत्रा, आमिर खान
रिलीज डेट : 21 जनवरी 2011
PR

आमिर खान को जब उनकी पत्नी किरण राव ने बताया कि वे एक फिल्म की स्क्रिप्ट लिख रही हैं तो वे घबरा गए। उन्हें लगा कि यदि उन्होंने स्क्रिप्ट रिजेक्ट कर दी तो इसका असर दोनों के रिश्ते पर पड़ेगा। वे भगवान से प्रार्थना करने लगे कि किरण की स्क्रिप्ट कभी भी पूरी ना हो, लेकिन ऐसा हो न सका। आमिर ने दूसरा फॉर्मूला अपनाया। उन्होंने किरण से कहा कि वे कुनूर जाकर मंसूर खान के साथ स्क्रिप्ट सुनना पसंद करेंगे ताकि मंसूर को ढाल बनाया जा सके। जब किरण ने मंसूर और आमिर को स्क्रिप्ट सुनाई तो वे दोनों दंग रह गए और आमिर ने तुरंत फिल्म का निर्माता बनना मंजूर किया।


PR

मुंबई शहर अपने आपमें अनोखा है। यहाँ रोजाना हजारों लोग आँखों में सपने लिए आते हैं। इस शहर पर कई फिल्में बनी हैं और किरण राव की फिल्म में भी यह शहर अपनी मौजूदगी लिए हुए है। कहानी है इस शहर में रहने वाले चार लोगों की, जो अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए हुए हैं। उन चारों की दुनिया आपस में टकराती है और उसके बाद उन्हें बदलकर रख देती है।


PR

मुंबई में बरसती बारिश में टैक्सी के अंदर से एक वी‍डियो कैमरे के जरिये शहर को शूट किया जा रहा है। कैमरे के पीछे है शर्मीली लड़की यास्मिन (कीर्ति मल्होत्रा)। टैक्सी ड्राइवर से जब वह बात करती है तो पता चलता है कि दोनों उत्तर प्रदेश के हैं और दोनों के शहर बेहद नजदीक हैं। इस बातचीत से दोनों के बीच आत्मीयता पैदा होती है।

शाई (मोनिका डोगरा) मुंबई स्थित एक बैंक में काम करती है। उसकी मुलाकात अरुण (आमिर खान) से होती है जो एक पेंटर है। अरुण और शाई एक रात साथ गुजारते हैं। इस बारे में अरुण कुछ बात नहीं करना चाहता और शाई इस घटना को भूल नहीं सकती। अगली सुबह दोनों की राहें जुदा हो जाती है इस बात के साथ कि वे अब कभी नहीं मिलेंगे।


PR

मुन्ना (प्रतीक) धोबी है, जो शाई के घर भी कपड़े लेने के लिए जाता है। मुन्ना फिल्म अभिनेता बनना चाहता है। जब उसे पता चलता है कि शाई को फोटोग्राफी का शौक है तो वह एक शर्त पर ‘रियल’ मुंबई दिखाने उसे ले जाता है कि वह उसका पोर्टफोलियो तैयार करेगी। कैमरे की आँख से शाई को मुंबई एक अलग ही अंदाज में देखने को मिलता है। मुन्ना को वह दोस्त मानने लगती है जबकि मुन्ना उसे दिल दे बैठता है।

इसी बीच अरुण एक नए अपार्टमेंट में रहने के लिए जाता है जहाँ वह शांतिपूर्वक जीवन बिता सके, लेकिन एक ऐसा रहस्य उसके सामने प्रकट होता है जो सीधे उसके दिल को छूता है। इन सभी किरदारों की जिंदगी में मुंबई शहर एक अनोखी भूमिका निभाता है। उनकी उत्कंठा, अकेलापन, अनुभव और प्यार के जरिये इस शहर को चित्रित करने की कोशिश की गई है।


PR

निर्देशक के बारे में : बतौर निर्देशक किरण राव की यह पहली फिल्म है और वे अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने के लिए व्याकुल हैं। मुंबई शहर में किरायेदार के रूप में किरण कई अपार्टमेंट में रही हैं और उसी से उन्हें ‘धोबी घाट’ लिखने की प्रेरणा मिली। उन्होंने मुंबई के रियल लोकेशन पर फिल्म शूट की है। किरण का कहना है कि उन्होंने यह फिल्म मुंबई और वहाँ के रहने वाले लोगों, जो ट्रेन में हैं, नाव में हैं, ट्रैफिक में फँसे हुए हैं, बिल्डिंग बनाने में जुटे हुए हैं, समुद्र किनारे बैठे हैं और कल के बारे में सोच रहे हैं के प्रति आदर देने के लिए बनाई है।