शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आने वाली फिल्म
Written By समय ताम्रकर

रोडसाइड रोमियो

रोडसाइड रोमियो -
IFM
निर्माता : आदित्य चोपड़ा
निर्देशक : जुगल हंसराज
संगीत : सलीम-सुलेमान

रोमियो एक ऊँची नस्ल का कुत्ता है, जिसे दुनिया भर के ऐशो-आराम प्राप्त है। एक बड़े से घर में उसे रखा जाता है, जिसमें वह पार्टी मनाता है। कार में बैठकर घूमने जाता है। रोमियो को लगता है कि वह बहुत सुंदर है और इसीलिए सभी उसकी प्रशंसा और दुलार करते हैं। वह बहुत बुद्धिमान है और अपनी इच्छाओं को पूरा करना जानता है।

भाग्य एक दिन पलटा खाता है। जिस परिवार में वह पल रहा था वे दूसरी जगह जाने का फैसला लेते हैं और रोमियो को मुंबई की गलियों में छोड़ देते हैं। रोमियो ने ऐसी परिस्थिति का सामना पहले कभी नहीं किया था। आरामदायक जीवन जीने वाले रोमियो को इससे तकलीफ होती है।

IFM
उसका सामना आवारा कुत्तों से होता है, जो रोमियो को दिन में तारे दिखा देते हैं। रोमियो बुद्धिमान है। वह तरकीब से उनका दिल जीतकर उन्हें अपना दोस्त बना लेता है। धीरे-धीरे रोमियो गलियों के कुत्तों के मन में यह बात बैठा देता है कि उसके पास उनसे ज्यादा अक्ल है और इसका फायदा उसे मिलने लगता है।

एक दिन रोमियो का सामना लैला से होता है। लैला की खूबसूरती का वह दीवाना हो जाता है और पहली नजर में ही वह अपना दिल उसे दे बैठता है। मूनलाइट क्लब में लैला नाचती और गाती है।
IFM

फिल्म में विलेन भी है। चार्ली अन्ना का इलाके में बड़ा खौफ है। उसे अपनी तारीफ सुनना बेहद पसंद है, लेकिन उसके मूड का कोई अनुमान नहीं लगा सकता। वह कब क्या कर बैठे? विलेन और उसकी गैंग से रोमियो कैसे मुकाबला कर लैला का दिल जीतता है, ये फिल्म में रोचक अंदाज में दिखाया गया है।
यह एक एनिमेशन फिल्म है, जिसे यशराज फिल्म्स ने डिज्नी स्टुडियो के सहयोग से बनाया है। डिज्नी का नाम जुड़ा होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर के इफेक्ट्स और एनिमेशन की आशा दर्शक कर सकते हैं। सैफ अली खान, करीना कपूर और जावेद जाफरी ने क्रमश. रोमियो, लैला और चार्ली अन्ना के किरदार को अपनी आवाजें दी हैं। फिल्म की लंबाई लगभग 90 मिनट बताई जा रही है।