गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. ऐश्वर्या राय
  4. ऐश्वर्या राय : ढाई अक्षर प्रेम के
Written By ND

ऐश्वर्या राय : ढाई अक्षर प्रेम के

ऐश्वर्या राय : ढाई अक्षर प्रेम के - ऐश्वर्या राय : ढाई अक्षर प्रेम के
तंदुरुस्ती हजार नियामत और खूबसूरती यानी हजार कयामत। अप्सरा जैसी सुंदरता ने ऐश्वर्या को शोहरत का ताज भी पहनाया और विवादों की तपन में झुलसाया। ऐश्वर्या का कहना है- ‘न जाने क्यों कई पुरुष मेरे साथ पहली मुलाकात में शादी के तसव्वुर पालने लगते हैं।‘ यह बात इस नीली आँखों वाली सुंदरी के दीवानों की तादाद देखकर सच जान पड़ती है। ऐश पर आशिक इस तरह टपकते नजर आए, जैसे शमा पर पतंगे। इन दीवानों-परवानों में उद्योगपतियों से लेकर मॉडल, फिल्म अभिनेता तक सभी शामिल हैं। 

ऐश्वर्या के साथ लंबे समय तक एक कम्प्यूटर व्यवसायी सुबीर भाटिया का नाम जुड़ा रहा। इस समृद्ध अप्रवासी भारतीय उद्योगपति के साथ ऐश की शादी की चर्चाएँ गर्म थीं। सुबीर एक फिल्मी पार्टी में ऐश से मिले थे और पहली नजर में ही इस हसीना ने उन्हें मीर तकी मीर बना दिया। सुबीर काफी अरसे तक ऐश्वर्या को अपनी भावी जीवनसंगिनी के रूप में देखते रहे। उधर कमनीय बाला फिल्मों और आशिकों की फौज बटोरती रहीं।

 
सुबीर के पहले ऐश्वर्या ने मॉडलिंग जगत के सहयोगी रंजीव मूलचंदानी के साथ अंतरंगता बनाए रखी। ये जनाब अपनी शख्सियत से ज्यादा पोनी टेल (चोटी) के लिए प्रसिद्ध थे। संभवत: इसीलिए इन्हें चोटी का मॉडल माना जाता था। बहरहाल रंजीव के खातिर ऐश्वर्या ने उन सहकर्मी तरुणियों की आह भी मोल ली, जो इस नौजवान पर जान छिड़कती थी। 

फिल्मों में प्रवेश के बाद ऐश्वर्या की जिंदगी में सलमान खान आए, जो न फरिश्ता बन पाए और न ही ऐश के सपनों के राजकुमार। ऐश्वर्या और सलमान के नर्म-गर्म रिश्ते की शुरुआत ‘हम दिल दे चुके सनम’ से हुई। ऐश्वर्या भी सलमान को पसंद करती थीं, लेकिन सलमान इस रिश्ते को ठीक से संभाल नहीं पाए।

ऐश्वर्या को पाकर उन्हें ऐसा लगा जैसे उन्होंने कोई बहुत बड़ी ट्रॉफी जीत ली हो। कहा जाता है कि ऐश के प्रति उनका व्यवहार बदल गया और यही से ऐश के दिल को ठेस पहुँची।

 
IFM
बॉलीवुड में ऐसे कई किस्से प्रचारित हैं, जिनमें सलमान ने नशे की हालत में ऐश के घर और फिल्म के सेट पर जाकर हंगामा किया। शाहरुख खान की होम प्रोडक्शन ‘चलते-चलते’ में ऐश नायिका थीं, लेकिन जब सलमान ने हंगामा मचाया तो शाहरुख ने ऐश को फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

संभवत: सलमान असुरक्षा का शिकार हो गए थे और वे ये बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे कि ऐश किसी अन्य हीरो के साथ काम करें। समय रहते ही ऐश्वर्या संभल गई और उन्होंने सलमान से संबंध तोड़ लिए। सलमान और ऐश्वर्या ने इस मामले पर अब तक गरिमामयी खामोशी बनाए रखी है।

सलमान के बाद ऐश की जिंदगी में विवेक ओबेरॉय आए। सलमान से संबंध टूटने का दु:ख ऐश को था और उन्हें किसी अच्छे दोस्त की तलाश थी, जो विवेक के रूप में पूरी हुई।

ऐश ने विवेक को हमेशा अच्छा दोस्त माना, लेकिन विवेक उसे प्यार समझने की गलती कर बैठे। विवेक चाहते थे कि ऐश स्वीकार करे कि वह उन्हें प्यार करती हैं, लेकिन ऐश के दिल में ऐसी कोई भावना नहीं थी। जब बाद हद से बढ़ने लगी तो ऐश ने विवेक का साथ छोड़ दिया।

 
IFM
अभिषेक और ऐश्वर्या जब ‘ढाई अक्षर प्रेम के’ की शूटिंग कर रहे थे, तब दोनों के प्रेम के किस्से सुनाई दिए थे। लेकिन उस समय करिश्मा कपूर से अभिषेक की संभावित शादी की खबरों ने ऐश्वर्या को अपने कदम पीछे खींचने पर मजबूर कर दिया।

सलमान और विवेक प्रकरण के बाद एक बार फिर अभिषेक ने ऐश्वर्या की जिंदगी में प्रवेश किया। अभिषेक के प्यार में ऐश्वर्या को सच्चाई नजर आई और दोनों ने कुछ माह के रोमांस के बाद विवाह रचा लिया।