शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. ऐश्वर्या राय
Written By समय ताम्रकर

ऐश्वर्या राय के यहां आई नन्ही परी

ऐश्वर्या राय के यहां आई नन्ही परी -
IFM
ऐश्वर्या राय ने 16 नवंबर को बेटी को जन्म दिया। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर खुशी जताई और कहा कि मैं क्यूटेस्ट बेबी गर्ल का दादा बन गया।

मुंबई स्थित सेवन हिल्स हॉस्पिटल में ऐश्वर्या राय ने बेटी को जन्म दिया और बच्चन परिवार खुशियों से झूम उठा। पिछले कई दिनों से ऐश्वर्या चर्चा में थी और उनके घर बेबी कब जन्म लेगा इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थी। खुद अमिताभ बच्चन बेहद व्याकुल थे। अमिताभ का फोन लगातार घनघना रहा है और चारों ओर से उन्हें बधाई मिल रही है।

अस्पताल से जुड़े सूत्रों के अनुसार डॉक्टर विनिता साल्वी ऐश्वर्या की देखभाल कर रही हैं। इस वीआईपी बेबी के लिए सेवन हिल्स अस्पताल प्रशासन और मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

मीडिया में ऐश्वर्या के मां बनने की खबर आते ही अंधेरी स्थित सेवन हिल्स अस्पताल के बाहर बच्चन परिवार के प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इतनी भीड़ को संभालने के लिए अस्पताल के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार ऐश्वर्या को सोमवार रात सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था तथा मंगलवार सुबह उन्हें प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल के लेबर रूम में शिफ्ट कर दिया गया था।

अ से होगा बेटी का नाम!
जब से ऐश्वर्या राय के प्रेग्नेंट की खबर आई है बच्चन परिवार के सारे सदस्य बच्चे का नाम सोचने में जुट गए हैं। लड़के और लड़की दोनों के नाम उन्होंने सोच रखे थे, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हो गई है क्योंकि ऐश्वर्या ने बेटी को जन्म दिया है, लिहाजा लड़कियों के नाम पर ही विचार होगा।

बच्चन परिवार से जुड़े एक सूत्र का कहना है कि अभिषेक-ऐश्वर्या की बेटी का नाम ए या अ से शुरू होगा। इसका उसने कारण भी बताया। ‘अमिताभ का नाम ‘अ’ से शुरू होता है। उन्होंने अपने बेटे का नाम ‘अ’ से रखा। अब अभिषेक भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। ऐश्वर्या का नाम भी ‘ए’ या ‘अ’ अक्षर से शुरू होता है, इसलिए यह भी कारण बनता है कि नए ‍सदस्य का नाम ‘अ’ से शुरू किया जाए।

बच्चन परिवार को कई लोग भी नाम सूझा रहे हैं, लेकिन इस बारे में ‍अंतिम निर्णय संभवत: अमिताभ लेंगे।

ऐश्वर्या राय सहित बच्चन परिवार को बॉलीवुड की बधाई
ऐश्वर्या राय के यहां बेटी के जन्म लेते ही बॉलीवुड में भी खुशी की लहर दौड़ पडी। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम लोग बच्चन परिवार को बधाई देने में जुट गए। ट्वीटर पर कुछ लोगों ने खुशी का इजहार किया।

करण जौहर : बधाई सीनियर बच्चन। शानदार खबर। अमित अंकल को प्यार।
सेलिना जेटली : बच्चन परिवार के लिए बेहद खुश हूं। एक परी का आगमन हुआ है। मुझे पता है कि वह बेहद खूबसूरत होगी।
श्रेया घोषाल : बधाई। हम उसे कब देख सकेंगे। जल्दी ही फोटो पोस्ट कीजिए।
बिपाशा बसु : बेबी बी छोटी सी परी के डैडी बन गए हैं। ऐश सहित पूरे परिवार को बधाई।
सोफी चौधरी : बेबी बच्चन के आगमन पर सीनियर और जूनियर बच्चन को बधाई। उम्मीद है कि ऐश ठीक होंगी और खुशी का अनुभव कर रही होंगी।
जेनेलिया डिसूजा : बधाई सर। उम्मीद है कि जया जी भी खुश होंगी। मैं बहुत खुश हूं। अभिषेक को बधाई। मेरी तरफ से ऐश को एक बार गले लगाना। मैं लिटिल एंजेल को देखने के लिए मरी जा रही हूं।
बोमन ईरानी : दादा जी। हम सब खुशी का अनुभव कर रहे हैं।
अर्जुन रामपाल : बधाई डैडी कूल, कूलेस्ट दादाजी, खूबसूरत मॉम ऐश और लवली दादी जयाजी।