शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. ऐश्वर्या राय
Written By समय ताम्रकर

ऐश्वर्या राय : अजब-गजब

ऐश्वर्या राय : अजब-गजब -
खूबसूरत ऐश्वर्या रॉय बच्चन को अपने शरीर में एक कमी नजर आती है। उन्हें अपने दाँत पसंद नहीं हैं। उनके मुताबिक वे जरूरत से ज्यादा बड़े हैं, लेकिन हँसते समय वे उन्हें छिपाती नहीं हैं।

हॉलीवुड की हॉट हीरोइन जूलिया राबर्ट्‍स ने ऐश्वर्या को संसार की सबसे सुन्दर महिला माना है।

ऐश्वर्या का नाम जब मिस वर्ल्ड के लिए अनाउंस हुआ, तो उन्होंने मासूमियत से अपनी हथेलियों के बीच चेहरा छिपा लिया। ऐश की आँखों में खुशी के आँसू थे।

मिस वर्ल्ड बनने के बाद ऐश भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा से मिलने राष्ट्रपति भवन गईं। उन्होंने डॉ. शर्मा और श्रीमती विमला शर्मा के पैर छूकर प्रणाम किया। ऐश के अनुसार- ‘ऐसा महसूस हुआ, जैसे अपने दादा-दादी के पैर छू रही हूँ।’

ऐश्वर्या ने विश्व की सबसे सेक्सी आँखों को मरणोपरांत दान करने की घोषणा की है। वे नेत्रदान का अभियान भी संचालित करती हैं।

ऐश को मॉडल बनाने का श्रेय उनके अँगरेजी के प्रोफेसर को है, जो पढ़ाते कम थे और ऐश के फोटो उतारने में ज्यादा दिलचस्पी रखते थे।

नब्बे के दशक में एक शीतल पेय के विज्ञापन में छरहरी-सी मासूम लड़की आमिर खान के साथ क्या दिखाई दी, चारों तरफ शोर मच गया।

मॉडलिंग के करियर के दौरान मुम्बई का फ़ैशन-वर्ल्ड ऐश को रैम्प पर केटवॉक करते देख उन पर लट्टू हो गया और सभी ऐश के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने के लिए उत्सुक हो गए।

राजेश खन्ना अभिनीत ‘आनंद’ ऐश को बेहद पसंद है। गुरुदत्त, राजकपूर और ऋषिकेश मुखर्जी ऐश के पसंदीदा फिल्मकार हैं।

खूबसूरत ऐश मधुबाला, नर्गिस और माधुरी दीक्षित की सुंदरता पर फिदा हैं। अभिषेक बच्चन से भले ही उन्होंने शादी की हो, लेकिन हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज उनके सपनों के राजकुमार हैं।

ऐश को सादा खाना पसंद है- दाल, चावल और सब्जियाँ, बस।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के दौरान नेल्सन मंडेला ने ऐश्वर्या से उसके जैसा सुंदर दक्षिणी अफ्रीकी दूल्हा ढूँढने का वादा किया था।

संजय दत्त ने जब पहली बार ऐश को देखकर होश खोया तो बोले - ये लड़की अब्बी के अब्बी चइये। इसे हीरोइन बनाओ।

फिल्म हीरोइन की माँ बहुत महत्वपूर्ण होती है। ऐश की माँ वृंदा ने अपनी कहानी पर आधारित होम प्रोडक्शन की फिल्म 'दिल का रिश्ता' बनाई। फिल्म फ्‍लॉप रही।