मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. आईना 2011
Written By ND

फरवरी 2011 : अरब विश्व में क्रांति

- डॉ. आरसी ओझा

फरवरी 2011 : अरब विश्व में क्रांति -
ND
01 : मिस्र में जनक्रांति में दस लाख से ज्यादा लोगों का काहिरा में प्रदर्शन। मिस्र के आंदोलन से प्रभावित जॉर्डन में सरकार बर्खास्त। ट्‌यूनीशिया में सत्ता परिवर्तन के आसार। उप्र के शाहजहाँपुर में ट्रेन की छत पर सवार 16 युवकों की एक हादसे में मौत।

02 : 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में पूर्व संचार मंत्री ए. राजा, पूर्व पीए चंदोलिया और पूर्व संचार सचिव बेहुरा गिरफ्तार। काहिरा मे हिंसक प्रदर्शन में 13 मृत। रक्षा विशेषज्ञ के. सुब्रह्मणयम का निधन। जयपुर से प्रकाशित 'राजस्थान पत्रिका' के सहायक संपादक चंद्रभान सिंह का निधन।

03 : नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष झालानाथ खनाल नेपाल के नए प्रधानमंत्री चुने गए। काहिरा में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी में 13 मृत।

04 : समाचार पत्रिका 'तहलका' द्वारा विदेश में काला धन रखने वालों के कुछ नामों का खुलासा। म्यांमार के प्रधानमंत्री थेइन सेइन राष्ट्रपति बने। भारत द्वारा पायलट रहित विमान 'निशांत' का सफल परीक्षण। इंदौर में 'फोनोकॉम-2011' का शुभारंभ।

05 : अमेरिकी विमान 'सुपर हर्क्यूलस' भारतीय वायुसेना में शरीक। विदेशी बैंकों के काले धन के मामले में जर्मनी की सरकार ने भारत को 1400 नाम दिए। धर्मशाला (हिमाचल) में बौद्ध धर्म के गुरु करमापा दोरजी के यहाँ अब चीनी सिमकार्ड जब्त हुए। अंरा क्रिकेट परिषद ने सट्टेबाजी के मामले में पाक के सलमान बट्ट, मो. आसिफ और मो. आमिर को क्रमशः 10, 7 व 5 वर्षों के लिए प्रतिबंधित किया।

06 : 'टाइम' की शीर्ष 25 हस्तियों में गाँधीजी, अकबर, दलाई लामा और माओ त्से तुंग भी शरीक। संगीतकार खय्याम मालवा संगीत सम्मान से विभूषित। आंध्रप्रदेश में चिरंजीवी की पार्टी प्रजा राज्यम्‌ परिषद का कांग्रेस में विलय।

07 : एक अंग्रेजी अखबार ने एस-बैंड स्पेक्ट्रम आवंटन में 2 लाख करोड़ के घोटाले की आशंका व्यक्त की। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार पर्यावरण मंत्रालय ने प्लास्टिक पाउच पर पाबंदी लगाई।

08 : प्रधानमंत्री ने कहा कि एस-बैंड स्पेक्ट्रम (इसरो) में कोई घोटाला नहीं। मायावती द्वारा सुरक्षाकर्मी से जूतियाँ साफ कराने को लेकर विवाद गहराया। इंदौर जिला अस्पताल में फॉरेंसिक विभाग के डॉ. भरत बाजपेई का नाम लिम्का बुक में शरीक।

09 : प्रायोगिक तौर पर देश के 5 बड़े नगरों में प्लास्टिक करेंसी जारी करने का निर्णय। किसानों की मौत का सिलसिला जारी, देवास जिले (मप्र) में एक किसान की मौत। बेंगलुरू में 'एयरो इंडिया शो-2011' की भव्य शुरुआत।

10 : कुक्षी (धार) के पास सिलकुआँ में कांग्रेस रैली में ट्रक घुसने से 7 मृत। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को आश्वासन दिया कि विदेशों में काला धन रखने वालों के नाम उजागर होंगे। केंद्र सरकार और उल्फा के बीच दिल्ली में बिना शर्त बातचीत शुरू।

11 : जनक्रांति में मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक को गद्दी छोड़ना पड़ी- शर्म-अल-शेख में शरण। सेना ने देश की कमान संभाली। प्रधानमंत्री ने कोच्चि में अंरा ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल का लोकार्पण किया। हिमाचल सरकार द्वारा करमापा को विदेशी मुद्रा के मामले में क्लीन चिट।

12 : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में विदेश मंत्री एसएम कृष्णा द्वारा पुर्तगाल के विदेश मंत्री के भाषण की पंक्तियाँ पढ़ने से भारत को शर्मिंदा होना पड़ा। मिस्र के बाद अल्जीरिया और यमन में सरकारों के खिलाफ जन-आक्रोश भड़का। राँची में 34वें राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत। देश में पहली बार खादी से बना डाक टिकट जारी।

13 : 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में सीबीआई ने पूर्व दूरसंचार मंत्री अरुण शौरी को तलब किया। केंद्र सरकार के खिलाफ मप्र के मुख्यमंत्री श्री चौहान का उपवास प्रधानमंत्री के आग्रह पर चंद मिनटों में समाप्त। मिस्र में संविधान निलंबित, संसद भंग।

14 : विदेशी मुद्रा रखने के मामले में पाक गायक राहत फतह अली खान पर हवाला मामले में शिकंजा कसा। मप्र के कुक्षी व सोनकच्छ में विधानसभा उपचुनाव संपन्न। ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डो ने संन्यास लिया। लॉस एजिल्स के समारोह में 'लेडी एंटेबेलम' को 5-ग्रैमी पुरस्कार मिले।

15 : एनडी टीवी ने मप्र के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को 'इंडियन ऑव द ईयर-2010' से सम्मानित किया।

16 : अपने निवास पर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने टीवी संपादकों को 2-जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला और इसरो घोटाले के आरोपों का उत्तर दिया। टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति और लारा दत्ता ने विवाह किया। उड़ीसा में कलेक्टर कृष्णा का अपहरण।

17 : ढाका के बंगबंधु स्टेडियम में विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2011 का भव्य शुभारंभ। कुक्षी व सोनकच्छ विधानसभा चुनावों में भाजपा जीती।

18 : प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सहायता के बारे में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के शिकवे दूर हुए। उड़ीसा के अपहृत कलेक्टर आरवी कृष्णा का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं।

19 : मीरपुर में विश्व कप एक दिवसीय क्रिकेट के पहले मैच में भारत ने बांग्लादेश को 87 रनों से हराया। वीरेंद्र सहवाग ने वनडे का अपना सर्वाधिक स्कोर (175) (कपिल के बराबर) बनाया। इंदौर में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अंत्योदय मेले में 60 करोड़ की सहायता बाँटी- सिटी बसों की सौगात दी।

20 : सरकार ने 2-जी स्पेक्ट्रम घोटाले के लिए जेपीसी जाँच को मंजूरी दी। इंदौर का पीपल्यापाला रीजनल पार्क जनता के लिए खुला। लीबिया में जन-आक्रोश के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में 300 मृत।

21 : आतंकवादी अजमल कसाब को फाँसी की सजा का फैसला हाई कोर्ट द्वारा बरकरार। चाँदी में भारी उछाल, 60 हजार प्रति किलो के पास। राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल ने संसद के बजट सत्र के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया। काला धन वापस लाने की बात कही। 'चीन में 'जेस्मिन क्रांति' से जन-आक्रोश भड़कने का डर।

22 : अहमदाबाद की विशेष अदालत ने 2002 के गोधरा ट्रेन कांड को साजिश करार दिया। मलकानगिरि के अपहृत कलेक्टर व इंजीनियर माझी 8 माँगें मानने के बाद नक्सलियों द्वारा रिहा करने पर सहमति बनी। जेपीसी की नियुक्ति की संसद में घोषणा। सरकार द्वारा 150 रुपए का सिक्का जारी करने की घोषणा।

23 : मध्यप्रदेश सरकार द्वारा टाउनशिप पॉलिसी लागू। काले धन को लेकर दिग्विजयसिंह और बाबा रामदेव में आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी। आधा लीबिया गद्दाफी के नियंत्रण से बाहर।

24 : मप्र का 2011-12 का बजट विधानसभा में पेश- 300 करोड़ के नए करों का प्रस्ताव। जोधपुर में दस दिनों में दूषित सलाइन से 12 गर्भवती महिलाओं की मौत। अमर चित्रकथा के रचयिता अनंत पई का निधन।

25 : रेल बजट 2011-12 लोकसभा में पेश। यात्री और माल भाड़े में कोई वृद्धि नहीं।

26 : भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री वसुंधरा राजे फिर राजस्थान भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं।

27 : भ्रष्टाचार विरोधी दिल्ली रैली में बाबा रामदेव व जेठमलानी एक मंच पर आए। प्रशासनिक अधिकारियों के जरिए भ्रष्टाचार के विरुद्ध हजारों हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को भेजे। विश्व कप क्रिकेट में बेंगलुरू में भारत-इंग्लैंड के बीच मैच ड्रा। भोपाल में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियोकोन युवा कैप्टन सम्मान वितरित किए। सुरक्षा परिषद द्वारा लीबिया पर प्रतिबंध लागू।

28 : आम बजट 2011-12 प्रणब दा द्वारा लोकसभा में पेश। अगले वर्ष की आर्थिक विकास दर 9 प्रतिशत पर पहुँचाने पर केंद्रित। वरिष्ठजन की आयु सीमा अब 60 वर्ष। पुरुषों के लिए आयकर में 1.80 लाख तक छूट। लॉस एंजिल्स में ब्रिटिश ड्रामा 'द किंग्स स्पीच' को चार ऑस्कर मिले। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार नताली पोर्टमेन को।

5 प्रमुख घटनाएँ
* झालानाथ खनाल नेपाल के प्रधानमंत्री चुने गए।
* सरकार द्वारा प्रायोगिक तौर पर देश के 5 बड़े नगरों में प्लास्टिक करेंसी जारी करने का इरादा व्यक्त।
* मिस्र की जनक्रांति में वहाँ के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक को गद्दी छोड़ना पड़ी- सेना ने कमान संभाली।
* ढाका के बंगबंधु स्टेडियम में विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट-2011 का भव्य शुभारंभ।
* स्पेक्ट्रम घोटाले में ए. राजा सहित तीन गिरफ्तार।