पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कल से यहां शुरू हुए पहले क्रिकेट टेस्ट के साथ टेस्ट क्रिकेट में 15 बरस पूरे किए।
इंग्लैंड के खिलाफ लार्डस में 20 जून 1996 को पदार्पण करने वाला यह बल्लेबाज हालांकि पहली पारी में इस मैच को अपने लिए यादगार नहीं बना पाया और केवल 40 रन जोड़कर पवेलियन लौट गया।
वह हालांकि इस पारी के दौरान किंग्सटन के सबीना पार्क में भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मैदान पर चार टेस्ट में तीन अर्धशतक की मदद से 53 की औसत से 318 रन बनाए हैं।
इतना ही नहीं भारतीय पारी के तारणहार साबित हुए हरभजन सिंह ने अपनी 70 रन की पारी के दौरान विदेशी सरजमीं पर एक हजार रन पूरे किए। उन्होंने भारत से बाहर खेले 42 टेस्ट में अब तक छह अर्धशतकों की मदद से 19.08 की औसत के साथ 1069 रन बनाए हैं। (भाषा)