दुनिया में ऐसे कम ही लोग होते हैं जो अपनी मौत को भी उत्सव की तरह मनाना चाहते हैं। एक ऐसे ही शख्स थे अमेरिकी सेना के मरीन डेविड हार्ट। डेविड अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में तैनात थे और एक बम धमाके में पिछले साल मारे गए। पर आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि डेविड ने अपनी वसीयत में अपनी मौत को पूरे धूमधाम से मनाने का इंतजाम कर लिया था।
दरअसल डेविड ने अपना बीमा भी करवा रखा था और अपनी वसीयत में अपनी प्लाटून के 32 दोस्तों के नाम लास वेगास में छुट्टियां मनाने के 1 लाख डॉलर रखे थे। इसके अलावा भी डेविड ने अपने माता, पिता, बहन और गर्लफ्रेंड के लिए 2.5 लाख डॉलर छोड़े हैं।
डेविड ने अपनी वसीयत में लिखा है कि मैंने बेहद शानदार जिंदगी जी है और मेरी इच्छा है कि मेरे मरने पर मेरे सारे दोस्त वैसे ही छुट्टियां मनाएं जैसी मैं मनाना चाहता हूं। डेविड ने यह भी लिखा की उसे किसी बात का रंज या पछतावा नहीं है और वह एक जिंदादिल इंसान की तरह याद रखा जाना चाहता है। दोस्तों के नाम पर आखिरी संदेश में उसने कहा है कि जाओ और वेगास में बढ़िया समय बिताओ।
डेविड के माता-पिता और उसकी बहन को डेविड पर बेहद गर्व है और वे यह बताना भी नहीं भूलते कि किस तरह से समय-समय पर डेविड के दोस्त उनके सुख-दुख में शरीक रहते हैं।