गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By WD

क्या धोनी भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं?

(वेबदुनिया डेस्क)

क्या धोनी भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं? -
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को विश्व विजेता बनाकर साबित किया कि वे भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने 1983 के बाद एक बार फिर विश्व विजेता बनने का अनुभव किया।

WD
FILE
क्या 2011 की भारतीय टीम 1983 की टीम से बेहतर है? इस पर विशेषज्ञों का मानना है कि निश्चित तौर पर धोनी की टीम कपिल देकी टीम से बेहतर है, लेकिन 1983 में कपिल की टीम के पास खोने के लिए कुछ नहीं था, जबकि धोनी की टीम ने एक अरब इक्कीस करोड़ लोगों की उम्मीदों का बोझ उठाकर विश्व खिताब अपने नाम किया।

कपिल देव ने जब भारत के लिए 1983 में विश्व कप जीता था और उसके बाद कपिल का नाम भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में शुमार किया जाने लगा। वनडे क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि विश्व चैंपियन बनना रहा और अपनी कप्तानी में विश्व कप जिताने के लिए कप‍िल को बतौर कप्तान भी ऊँचा सम्मान प्राप्त है। हालाँकि उन्हें 2002 में एक खिलाड़ी के तौर पर भारत के प्लेयर ऑफ द सैंचुरी का ख‍िताब भी मिला, लेकिन उन्हें आज भी भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान के तौर पर याद किया जाता है। भारतीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में कपिल, धोनी के अलावा सौरव गांगुली, अजहारुद्दीन, अजीत वाडेकर का नाम भी है, लेकिन सचाई यह है कि विश्व कप 2011 जीतने के बाद धोनी को भारत का सर्वश्रेष्ठ कप्तान मान लिया जाना चाहिए। धोनी ने अपनी कप्तानी में टी-20 विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया में त्रिकोणीय श्रृंखला, एशिया कप, जैसे प्रतिष्ठित खिताब जीते। साथ ही लीग क्रिकेट की बात करें तो धोनी ने अपनी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए आईपीएल-3 और चैपियंस लीग का खिताब भी जीता, जिससे पता चलता है कि टी-20 में भी वे कुशाग्र कप्तान हैं।

धोनी के सर्वश्रेष्ठ कप्तान होने में क्रिकेट एक्सपर्ट्‍स के विचारों में अंतर है। कुछ का मानना है कि धोनी टेस्ट में जब तक ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में, दक्षिण अफ्रीका को दक्षिण अफ्रीका में और इंग्लैंड को इंग्लैंड में न हरा दें, तब तक वे भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान नहीं हो सकते।

धोनी की कप्तानी में भारत को कई बड़ी सफलताएँ मिली हैं और क्रिकेट प्रेम‍ियों का एक बड़ा तबका उन्हें भारत का सर्वश्रेष्ठ कप्तान मान रहा है। जहाँ तक बात टेस्ट क्रिकेट की है तो धोनी अब तक अपनी कप्तानी में एक भी टेस्ट सिरीज नहीं हारी है और वक्त आने पर वे टेस्ट क्रिकेट में भी खुद को बतौर सर्वश्रेष्ठ कप्तान साबित कर देंगे। वैसे यह तथ्य भी है कि भारतीय टीम ने उनकी कप्तानी में ही टेस्ट और वनडे में नंबर वन की रैंकिंग हासिल की है।